बिहार विधानसभा के बजट सत्र में मंगलवार को विपक्षी दलों के विधायकों ने महंगाई के मुद्दे पर सदन के बाहर जमकर प्रदर्शन किया। इस क्रम में राजद के विधायक प्याज की माला और सिर पर गैस सिलेंडर लेकर विधानसभा पहुंचे। बिहार की मुख्य विपक्षी पार्टी राजद के विधायक मंगलवार को प्याज की माला पहने विधानसभा पहुंचे। इस दौरान महंगाई को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा।
राजद के विधायकों की नाराजगी घरेलू गैस के दामों और पेट्रोल, डीजल के मूल्यों में अभूतपूर्व वृद्घि को लेकर देखी गई। प्याज की माला पहने पहुंचें राजद के विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा कि,”केंद्र सरकार लगातार घरेलू गैस के दाम में वृद्घि कर रही है। गैस सिलेंडर का दाम 900 रुपये हो गया है, सरकार बताए जो गरीब परिवार दो वक्त की रोटी के लिये परेशान है वह घरेलू गैस लेने के लिये 900 रुपए कहां से लाएगा।”
इधर, विधायक रेखा देवी और विधायक किरण देवी ने भी महंगाई को लेकर सरकार पर निशाना साधा। किरण देवी ने प्याज की बढ़ती कीमत को लेकर सदन के बाहर जमकर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि प्याज हर घर की रसोई के लिए आवश्यक है, उसके मूल्य में लगातार वृद्घि हो रही है, लेकिन इसका हक किसानों को भी नहीं मिल रहा है। इधर, सत्ता पक्ष के नेताओं ने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। विपक्ष के विधायक समाचार में बने रहने के लिए यह विरोध कर रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



