फर्टिलाइजर घोटाले में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राज्यसभा सांसद अमरेंद्र धारी सिंह (एडी सिंह) को गिरफ्तार करने वाली एजेंसी ईडी यानि कि प्रवर्तन निदेशालय द्वारा उन्हें एक अदालत में पेश किया जाएगा और इस दौरान उन्हें चार दिन की न्यायिक हिरासत में रखे जाने की मांग की जाएगी। सूत्रों ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। ईडी के एक सूत्र ने कहा कि सिंह को अदालत में पेश किया जाएगा क्योंकि उनकी हिरासत सोमवार को समाप्त हो रही है।
उन्होंने आगे कहा, हम फिर से चार दिन की हिरासत की मांग करेंगे क्योंकि हमें उनसे कई सवाल करने हैं। एडी सिंह को मामले के सिलसिले में 3 जून को दक्षिण दिल्ली स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया गया था। ईडी का मामला पिछले महीने दर्ज सीबीआई की प्राथमिकी पर आधारित है। यह मामला इफको और इंडिया पोटाश लिमिटेड (आईपीएल) से जुड़े कथित उर्वरक घोटाले से संबंधित है।
सीबीआई ने इस घोटाले में इफको के सीईओ और एमडी यू.एस. अवस्थी, इंडियन पोटाश लिमिटेड (आईपीएल) के एमडी प्रविंदर सिंह गहलोत, इफको के सीईओ और एमडी के दोनों बेटे अमोल अवस्थी व अनुपम अवस्थी, कैटलिस्ट बिजनेस एसोसिएट्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रमोटर व आईपीएल के एमडी के बेटे विवेक गहलोत, ज्योति ग्रुप ऑफ कंपनीज और रेयर अर्थ ग्रुप, दुबई के पंकज जैन, उनके भाई व ज्योति ट्रेडिंग कॉरपोरेशन के अध्यक्ष और ज्योति ग्रुप की अन्य संस्थाओं के लाभकारी मालिक संजय एडी जैन और ज्योति ट्रेडिंग कॉरपोरेशन, दुबई के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एडी सिंह का नाम लिया है। एडी सिंह को पिछले साल मार्च में आरजेडी द्वारा राज्यसभा सदस्य के तौर पर नामित किया गया था।


Download Android App
Download iOS App



