बिहार में 2 स्कूली छात्रों के बैंक अकाउंट में 960 करोड़ रुपए जमा हुए हैं। अचानक से इतनी बड़ी रकम आने से छात्रों के साथ-साथ बैंक अधिकारी भी हैरान हैं। इस बात की खबर फैलते ही भारी संख्या में लोगों ने अपने अकाउंट चेक करना शुरू कर दिए। हाल ही में खगड़िया जिले से भी एक इस तरह का ही मामला सामने आया था।
दरअसल, कटिहार में दो स्कूली छात्रों के बैंक अकाउंट में 960 करोड़ की राशि जमा हुई है। दोनों बच्चे आजमनगर थाना के बघौरा पंचायत स्थित पस्तिया गांव के रहने वाले हैं। बिहार सरकार द्वारा स्कूल ड्रेस के लिए भेजे जाने वाले पैसों की जानकारी के लिए आजमनगर थाना क्षेत्र के पस्तिया गांव के दो स्कूली बच्चे एसबीआई (SBI) के सीएसपी सेंटर पहुंचे थे।

इन दोनों ने जब अपने अकाउंट की जानकारी ली तो पता चला कि इनके खाते में करोड़ों रुपये जमा हैं। छात्र गुरुचन्द्र के अकाउंट में 60 करोड़ से अधिक और असित कुमार के अकाउंट में 900 करोड़ से ज्यादा की राशि मौजूद थी। इस बात को सुनकर बैंककर्मी और खुद छात्र भी बहुत हैरान थे।
अकाउंट्स किए गए फ्रीज
दो स्कूली छात्रों के अकाउंट में करोड़ों की राशि जमा होने की जानकारी मिलते ही बैंक मैनेजर ने दोनों अकाउंट्स से भुगतान पर रोक लगा दी। और अकाउंट्स को फ्रीज करते हुए उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। बैंक के वरीय पदाधिकारियों को भी इस बारे में सूचना दी गई है।
मोदी सरकार को दुहाई देने लगे लोग
करोड़ों रुपए की जानकारी मिलते ही अन्य लोग भी अपने-अपने अकाउंट को चेक करने के लिए बैंक और सीएसपी सेंटर पहुंच रहे हैं। कुछ लोगों को डर सात रहा है कि यह पैसे अधिकारियों की लापरवाही से उनके खाते में आ गए हैं। तो कुछ लोग मोदी सरकार को दुहाई दे रहे हैं कि 2014 में प्रधानमंत्री मोदी ने 15 लाख रुपये देने का एलान किया था वहीं, रुपये उन्हें अब जाकर मिल रहे हैं।
पहले भी बैंक की तरफ से हो चुकी है गलती
खगड़िया में एक शख्स के खाते में गलती से 5.50 लाख रुपए आ गए थे। इस शख्स ने इसे मोदी सरकार से मिली सहायता समझकर खर्च भी कर दिया। जब बैंक अधिकारियों को अपनी गलती का अहसास हुआ, तो उन्होंने शख्स से पैसे लौटाने को कहा। लेकिन शख्स ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया। इस मुद्दे पर काफी बवाल हुआ था।


Download Android App
Download iOS App



