डिप्टी CM पर बरकरार संशय के बीच सुशील मोदी का ट्वीट, कोई नहीं छीन सकता कार्यकर्ता का पद

Summary :

नीतीश कुमार को एनडीए का नेता चुने जाने के बाद उनका लगातार चौथी बार बिहार के मुख्यमंत्री बनने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

नीतीश कुमार को एनडीए का नेता चुने जाने के बाद उनका लगातार चौथी बार बिहार के मुख्यमंत्री बनने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। वहीं बीजेपी नेता और राज्य के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी को फिर से उप मुख्यमंत्री बनाए जाने पर संशय बरकरार है। इस बीच सुशील मोदी ने एक ट्वीट किया है, जिससे यह लगभग ये साफ़ हो गया है कि वह अब उप मुख्यमंत्री नहीं बनाए जाएंगे।
उन्होंने ट्वीट करते हुए तारकिशोरजी को बीजेपी विधानमंडल का नेता सर्वसम्मति से चुने जाने पर बधाई दी है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, तारकिशोरजी को भाजपा विधानमंडल का नेता सर्वसम्मति से चुने जाने पर कोटिशः बधाई ! इसके साथ ही उन्होंने नोनिया समाज से आने वाली बेतिया से चौथी बार विधायक रेणु देवी के बीजेपी विधानमंडल दल के उप नेता सर्वसम्मति से चुने जाने पर हार्दिक बधाई दी। 
एक अन्य ट्वीट में उन्होंने लिखा, बीजेपी एवं संघ परिवार ने मुझे 40 वर्षों के राजनीतिक जीवन में इतना दिया की शायद किसी दूसरे को नहीं मिला होगा। आगे भी जो ज़िम्मेवारी मिलेगी उसका निर्वहन करूंगा। कार्यकर्ता का पद तो कोई छीन नहीं सकता।


रविवार को सरकार बनाने की कवायद को लेकर एनडीए की अहम बैठक हुई। एनडीए की इस बैठक में सभी चार घटक दल मौजूद रहे। इस बार चुनाव में एनडीए में शामिल बीजेपी, जेडीयू, हम और वीआईपी के 125 विधायक चुने गए हैं। एनडीए की इस बैठक में नीतीश कुमार को गठबंधन का नेता चुना गया। 

Desk Team