बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने गुरुवार को प्रदेश में बेरोजगारी, महंगाई और गरीबी को लेकर नीतीश कुमार की सरकार को घेरते हुए कहा कि बिहार में डबल इंजन की सरकार है, इसके बावजूद कुछ काम नहीं हो रहा है। उन्होंने नीति आयोग की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि बिहार गरीबी, पलायन और बेरोजगारी में अव्वल है, जबकि साक्षरता दर, किसानों की आय और प्रति व्यक्ति आय में सबसे पीछे है।
मोहब्बतें नवादा की!
कल शाम नवादा पहुंचने पर वैचारिक व समर्पित साथियों के साथ! #TejashwiYadav #Nawada pic.twitter.com/pp4mIZw3wc
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) February 20, 2025
तेजस्वी यादव का नीतीश सरकार पर हमला
नवादा जिला में ‘कार्यकर्ता दर्शन सह संवाद कार्यक्रम’ के लिए पहुंचे तेजस्वी यादव ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि 11 साल से केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार है, जबकि करीब 20 साल से बिहार में नीतीश कुमार की सरकार है, लेकिन बिहार में जितना काम होना चाहिए था, उतना काम नहीं हो सका। बिहार में हत्या, अपहरण, लूट और बैंक डकैती की घटनाएं लगातार हो रही हैं और सरकार उसे रोक पाने में असफल है। बिहार में अपराधियों का बोलबाला है। बिहार की जनता के मुद्दे को हम लोग उठाने का काम कर रहे हैं।
नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा पर नीतीश का बयान
उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ‘प्रगति यात्रा’ को ‘दुर्गति यात्रा’ करार देते हुए कहा कि इस यात्रा पर करोड़ों रुपए खर्च हो रहे हैं, लेकिन जनता को लाभ नहीं मिल रहा है। जनता जो सच्चाई दिखाना चाहती है, वह भी नहीं दिखा पा रही है। इस यात्रा में जनता से कोई संवाद भी मुख्यमंत्री नहीं कर रहे हैं और खर्च जनता से मिलने के नाम पर ही हो रहा है। यह अधिकारियों की लूट की छूट की यात्रा है। तेजस्वी यादव ने कहा कि महिलाएं महंगाई से परेशान हैं। हमारी सरकार बनी तो सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत विभिन्न प्रकार की पेंशन योजना की राशि 400 रुपए से बढ़ाकर 1,500 रुपए कर दी जाएगी, जबकि 200 यूनिट बिजली फ्री दी जाएगी। उन्होंने महाकुंभ में बिहार के लोगों की मौत की भी बात की। इस कार्यक्रम से नवादा जिले से राजद के दो विधायकों ने अपनी दूरी बनाए रखी। इस मामले में तेजस्वी यादव ने कहा कि पार्टी का मामला है, देखेंगे।


Download Android App
Download iOS App



