पटना : जदयू के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के बिहार आगमन पर जदयू नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने अपने संबोधन में पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि आप सभी का उत्साह देखकर मुझे भरोसा हो रहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने संगठन को मजबूत करने की जो जिम्मेदारी मुझे दी है, वो शत प्रतिशत पूरी होगी।
अध्यक्ष का काम है कार्यकर्ताओं का उत्साह और उनका मनोबल बढ़ाना। अध्यक्ष के तौर पर मैं विश्वास दिलाता हूं कि एक-एक कार्यकर्ता के मान-सम्मान की रक्षा होगी और सम्मान देने के साथ ही उन्हें उचित हिस्सेदारी भी मिलेगी।
ललन सिंह ने कहा कि जदयू के हर कार्यकर्ता को ये संकल्प लेना होगा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में पिछले 16 वर्षों में जितने कार्य हुए हैं उन्हें एक-एक घर में पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि जब भी मैं पटना में होऊंगा, 12 बजे दिन से शाम तक एक-एक कार्यकर्ता से पार्टी कार्यालय में मिला करूंगा।
संगठन को आगे बढ़ाने के लिए पूरी मुस्तैदी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहूंगा। प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करते हुए कहा कि ललन सिंह के नेतृत्व में पार्टी नई ऊंचाई को छुएगी। पार्टी की स्थापना से लेकर आज तक पार्टी की मजबूती के लिए इनके योगदान को हम सभी जानते हैं।
ये दिन-रात पार्टी के हित में काम करने वाले हैं। हमें गर्व हो रहा कि हम सबको आपके नेतृत्व में काम करने का अवसर मिला है। ध्यातव्य है कि इससे पूर्व पटना एयरपोर्ट पर हजारों समर्थकों ने गाजे-बाजे के साथ उनका स्वागत किया।
सैकड़ों गाड़ियों के काफिले के साथ पूरे रास्ते लोगों का अभिवादन स्वीकार करते वे लगभग ढाई घंटे में जदयू मुख्यालय पहुंचे जहां सर्वप्रथन प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने उनका स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पार्टी मुख्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, बिहार सरकार के वरिष्ठ मंत्री विजय कुमार चौधरी, श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, संजय कुमार झा, श्रीमती लेसी सिंह, श्रीमती शीला मंडल, सुनील कुमार, जयंत राज, सांसद चन्द्रेश्वर चन्द्रवंशी, विधानपार्षद संजय गांधी, जय सिंह, नीरज कुमार, पूर्व विधानपार्षद डॉ. रणवीर नंदन, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नवीन कुमार आर्य, प्रदेश महासचिव अनिल कुमार, चंदन सिंह, डॉ. बिपिन कुमार यादव, जदयू मीडिया सेल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमरदीप, विधायक नरेन्द्र नारायण यादव, अजय चौधरी, राजकुमार सिंह, पंकज मिश्रा, श्रीमती शालिनी मिश्रा, सिद्धार्थ पटेल, कृष्णमुरारी शरण उर्फ प्रेम मुखिया समेत विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्ष एवं अन्य वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।


Download Android App
Download iOS App





