बिहार में एक बार फिर सीएम नीतीश कुमार और भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के बीच में विवाद शुरू हो गया है। पिछले दिनों सीएम नीतीश ने लोजपा (रामविलास) के मुखिया और सांसद चिराग पासवान को बच्चा कह दिया था, जिसपर अब नयी बहस शुरू हो गई है। इस मामले में बीजेपी ने भी अपना तर्क देते हुए कहा कि सीएम नीतीश बहस से भाग रहे हैं, इसलिए इस तरह के बयान दे रहे हैं।
चिराग से माफ़ी मांगे सीएम नीतीश कुमार: बीजेपी
वही, बीजेपी ने कहा कि सीएम नीतीश ने रामविलास पासवान के बारे में जो अपमानजनक बात कही, उसके लिए उन्हें माफी मांगनी चाहिए। इस बारे में बीजेपी प्रवक्ता निखिल आनंद ने एक वीडियो जारी करते हुए कहा, ‘हमें ऐसा लगता है कि नीतीश कुमार पार्ट टाइम मुख्यमंत्री और फुल टाइम गृह मंत्री हो चुके हैं। उनसे जब भी राजनीतिक बात होती है, उनसे मीडिया के लोग कुछ सवाल पूछते है तो वे अलग-अलग तरह से बयानबाजी करते हुए नजर आते है।’
सीएम को नहीं देना चाहिए ऐसा बयान : बीजेपी
बता दें, निखिल आनंद ने ये भी कहा कि रामविलास पासवान एक सम्मानित नेता थे। उनके बारे में ऐसी टिप्पणी करना सही नहीं है। सीएम पद पर रहते हुए भी अगर नीतीश कुमार इस तरह के व्यक्तिगत बयान दे रहे हैं, तो लगता है कि उनका मानसिक संतुलन बिगड़ गया है।
चिराग ने पिछले दिनों नीतीश पर बोला था हमला
हम आपको बता दें, चिराग पासवान पिछले दिनों लगातार सीएम नीतीश कुमार पर कई आरोप लगा रहे थे, जिसके जवाब में सीएम नीतीश कुमार ने उन्हें बच्चा कहकर संबोधित कर दिया था। बीजेपी को अब यही बात अच्छी नहीं लगी है और उसने सीएम नीतीश कुमार पर माफ़ी मांगने का दबाव बनाना शुरू कर दिया है। चिराग अक्सर सीएम नीतीश पर बिहार में कानून व्यवस्था और शिक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाते है।


Download Android App
Download iOS App



