बिहार के नालंदा जिले के अस्थावां थाना क्षेत्र में एक अज्ञात वाहन द्वारा मोटरसाइकिल को टक्कर मार देने की घटना में मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने गुरुवार को यहां बताया कि दीपनगर थाना के देवधा गांव निवासी शम्भू पासवान, बिजली पासवान और सन्नी पासवान तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर बुधवार की देर रात वापस अपने गांव लौट रहे थे। तीनों राज मिस्त्री और मजदूर का काम करते थे।
इसी बीच महमूदपुर गांव के समीप किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे तीनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जख्मी हालत में तीनों को बिहारशरीफ सदर अस्पताल में लाया गया, जहां चिकित्सक ने शम्भू और बिजली को मृत घोषित कर दिया, जबकि सन्नी को गंभीर हालत में पटना रेफर कर दिया गया। पटना ले जाने के क्रम में उसकी भी रास्ते में मौत हो गई।
इस घटना से आक्रोशित लोगों ने देवधा गांव के पास रांची-बिहारशरीफ मार्ग जाम कर दिया और जमकर हंगामा किया। इस दौरान कई वाहनों में तोड़फोड़ की गई। बाद में पुलिस उपाधीक्षक इमरान परवेज ने जामस्थल पर पहुंचकर लोगों को समझा-बुझाकर सड़क से हटाया। परवेज ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।


Download Android App
Download iOS App



