बिहार के वैशाली में निर्माणाधीन पुल का भारी स्ट्रक्चर गिरा, 7 मजदूर घायल, 4 की हालत गंभीर

Summary :

गुरुवार को वैशाली जिले के लालगंज में NHAI के NH-139W फोरलेन निर्माण के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। पुल बनाने के काम में लगा लॉन्चर अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में आने से करीब 6 मजदूर घायल हो गए। इनमें से 2 मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

वैशाली जिले के लालगंज में गुरुवार को NHAI के NH-139W फोरलेन निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया। यहां पुल बनाने के काम में लगा लॉन्चर अचानक गिर गया। इसकी चपेट में आने वहां काम कर रहे करीब 7 मजदूर घायल हो गए हैं, वहीं 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

मशीन से निर्माण सामग्री ऊपर ले जाने के दौरान हादसा

जानकारी के मुताबिक,पटना से बेतिया को जोड़ने वाली पटना से बेतिया को जोड़ने वाली NH-139W फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य चल रहा था। हादसे के समय निर्माणाधीन पुल पर लॉन्चर मशीन के जरिए निर्माण सामग्री को ऊपर ले जाने का काम किया जा रहा था। तभी अचानक मशीन का हिस्सा गिर गया, जिसकी चपेट में काम कर रहे मजदूर आ गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

करीब डेढ़ घंटे मशीन के नीचे दबा रहा मजदूर

स्थानीय लोगों और राहतकर्मियों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। वैशाली के पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने बताया कि लॉन्चर मशीन के नीचे करीब सात मजदूर घायल हुए हैं। सभी को प्राथमिक उपचार कराया गया। इनमें से तीन मजदूरों को सदर अस्पताल भेजा गया है।

उन्होंने बताया कि एक मजदूर करीब डेढ़ घंटे तक मशीन के नीचे दबा रहा। उसका पैर मशीन के हिस्से में फंसा हुआ था। गैस कटर की मदद से मशीन के हिस्से को काटकर मजदूर को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

तेजस्वी यादव ने हादसे पर उठाए सवाल

इस हादसे को लेकर बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कहा कि बिहार में फिर एक पुल गिरा है। उन्होंने दावा किया कि वैशाली में भ्रष्टाचार के बोझ से निर्माणाधीन पुल गिरने से करीब आधा दर्जन मजदूर दबे और घायल हुए हैं तथा कई की हालत गंभीर है।

ग्रामीणों और मजदूरों के परिजनों ने जांच की मांग की

हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और पुल निर्माण से जुड़े अधिकारी मौके पर पहुंचे और लॉन्चर गिरने की जांच शुरू कर दी। अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि लॉन्चर अचानक कैसे गिरा। NHAI ने कहा है कि मजदूरों की सुरक्षा और निर्माण की गुणवत्ता को लेकर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

वहीं, ग्रामीणों और मजदूरों के परिजनों ने निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं और पूरे मामले की जांच की मांग की है।

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।