कोरोना को लेकर कब गंभीर होंगे नीतीश कुमार: राजेश राठौड़

Summary :

माननीय हाईकोर्ट के बार बार फटकार के बावजूद राज्य की नीतीश सरकार कोरोना के रोकथाम और मरीजों की स्वास्थ्य सम्बन्धी सुविधाओं को पूरी कर पाने में असमर्थ हैं।

पटना : माननीय हाईकोर्ट के बार बार फटकार के बावजूद राज्य की नीतीश सरकार कोरोना के रोकथाम और मरीजों की स्वास्थ्य सम्बन्धी सुविधाओं को पूरी कर पाने में असमर्थ हैं। ये बातें बिहार कांग्रेस के प्रदेश मीडिया विभाग के चेयरमैन राजेश राठौड़ ने नीतीश सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कही। 
उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट ने तल्ख टिप्पणी करते हुए नीतीश सरकार को स्वास्थ्य सम्बन्धी लापरवाही पर आइना दिखाया। साथ ही न्यायालय ने सरकार को सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि दो दिनों में ऑक्सीजन और बेड की स्थिति नहीं सुधरी तो राज्य स्वास्थ्य सेवा समिति को आर्म्ड मेडिकल फोर्स के हवाले करने पर विचार करेंगे।
प्रदेश कांग्रेस मीडिया चेयरमैन ने नीतीश कुमार पर चुटकी लेते हुए कहा कि सोलह वर्षों के शासन में राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं पर भी ध्यान देते तो आज महामारी से निपटने में सक्षम होते। उन्होंने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय को नैतिकता के आधार पर अपनी नाकामी को स्वीकारते हुए राज्य की जनता से माफी मांगकर इस्तीफा दे देना चाहिए।

Ujjwal Jain