चिन्मयी श्रीपदा ने अरिजीत सिंह को बताया शानदार इंसान, प्लेबैक सिंगिंग संन्यास पर हुईं भावुक

Summary :

मुंबई, 28 जनवरी (आईएएनएस)। प्लेबैक सिंगर अरिजीत सिंह के प्लेबैक सिंगिंग से अचानक संन्यास की घोषणा के बाद संगीत जगत में हलचल मच गई है। इस फैसले पर उनके फैंस के साथ ही कई हस्तियों ने भी प्रतिक्रिया दी है। गायिका चिन्मयी श्रीपदा ने न केवल अरिजीत सिंह को बेहतर इंसान बताया बल्कि वह उनके प्लेबैक सिंगिंग संन्यास पर काफी भावुक भी नजर आईं। चिन्मयी ने अरिजीत के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए उन्हें न केवल बेहतरीन म्यूजिशियन बताया, बल्कि आध्यात्मिक रूप से विकसित इंसान भी करार दिया। चिन्मयी ने अरिजीत की विनम्रता और बदलाव न आने की बात…

मुंबई, 28 जनवरी (आईएएनएस)। प्लेबैक सिंगर अरिजीत सिंह के प्लेबैक सिंगिंग से अचानक संन्यास की घोषणा के बाद संगीत जगत में हलचल मच गई है। इस फैसले पर उनके फैंस के साथ ही कई हस्तियों ने भी प्रतिक्रिया दी है। गायिका चिन्मयी श्रीपदा ने न केवल अरिजीत सिंह को बेहतर इंसान बताया बल्कि वह उनके प्लेबैक सिंगिंग संन्यास पर काफी भावुक भी नजर आईं।

चिन्मयी ने अरिजीत के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए उन्हें न केवल बेहतरीन म्यूजिशियन बताया, बल्कि आध्यात्मिक रूप से विकसित इंसान भी करार दिया। चिन्मयी ने अरिजीत की विनम्रता और बदलाव न आने की बात पर जोर दिया, जो उनकी सफलता के बावजूद बरकरार रही।

चिन्मयी श्रीपदा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “मुझे याद है जब अरिजीत ने प्रीतम सर के लिए मुझे रिकॉर्ड किया था, तब मैं उनसे मिली थी। उस समय ‘तुम ही हो’ रिलीज नहीं हुआ था। जब वह सबसे ज्यादा डिमांड वाले सिंगर बन गए, उसके बाद भी मैंने उनके साथ कई बार काम किया और उनमें कुछ भी नहीं बदला था।”

उन्होंने आगे कहा, “वह मेरे पसंदीदा म्यूजिशियन और सिंगर्स में से एक हैं और कुल मिलाकर सबसे बेहतरीन तथा आध्यात्मिक रूप से विकसित इंसानों में से एक हैं जिनसे मैं मिली हूं। मुझे हमेशा लगा कि वह कोई ऐसा इंसान है जो एक बड़े मकसद से काम करता है। एक म्यूजिशियन के तौर पर उन्होंने अपने लिए जो भी प्लान किया है, वह किसी दैवीय चीज से कम नहीं होगा।”

चिन्मयी और अरिजीत ने कई गानों में साथ काम किया है, जैसे ‘2 स्टेट्स’ के लिए ‘मस्त मगन’, गुड्डू रंगीला’ के लिए ‘सुईयां सी’ समेत अन्य गाने।

अरिजीत ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि अब वे कोई नया प्लेबैक असाइनमेंट नहीं लेंगे, जिससे उनके फैंस के साथ ही फिल्म जगत के सितारे भी हैरत में हैं।

–आईएएनएस

एमटी/एएस

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.