आमिर खान की टीम ने लद्दाख में फैलाई गंदगी? सफाई में बोले आमिर -‘ये झूठ है, आकर चेक कर लें’

Summary :

आमिर खान और उनकी टीम इस समय ‘लाल सिंह चड्ढा’ की शूटिंग लद्दाख में कर रही है। शूट के दौरान आमिर खान पर प्रदूषण फैलाने के इल्जाम लग रहे थे। अब इस मामले पर आमिर खान की तरफ से एक बयान आया है।

बॉलीवुड एक्टर आमिर खान और उनकी टीम इस समय ‘लाल सिंह चड्ढा’ की शूटिंग लद्दाख में कर रही है। शूट के दौरान आमिर खान पर प्रदूषण फैलाने के इल्जाम लग रहे थे।  उन्हें इसके लिए सोशल मीडिया पर फटकार भी लगाई जा रही थी।  अब इस मामले पर आमिर खान की तरफ से एक बयान आया है। आमिर के प्रोडक्शन हाउस  के आधिकारिक इंस्टाग्राम/ट्विटर हैंडल पर जारी एक बयान में, फिल्म के निर्माताओं ने कहा कि अभिनेता और उनकी टीम के खिलाफ कोई भी आरोप सही नहीं है और वे पूरी तरह से पर्यावरण को साफ रखने का काम कर रहे हैं। 
आमिर की प्रोडक्शन कंपनी ने ऐसे आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। आमिर खान प्रोडक्शंस ने ट्विटर पर एक बयान जारी किया और लिखा, ‘संबंधित लोगों के लिए, आमिर खान प्रोडक्शंस साफ करना चाहता है कि एक कंपनी के तौर पर हम अपनी शूटिंग लोकेशन के आसपास की साफ-सफाई के लिए कड़े नियमों का पालन करते हैं। हमारे पास एक टीम है जो सुनिश्चित करती है कि शूटिंग लोकेशन हमेशा कचरा मुक्त रहे। दिन की शूटिंग खत्म होने के बाद पूरी लोकेशन को चेक किया जाता है। पूरा शेड्यूल खत्म होने पर हम सुनिश्चित करते हैं कि हम उस जगह को ठीक उतना ही या उससे ज्यादा साफ-सुथरा छोड़कर जाएं जितना कि वो हमारे आने से पहले थी।’ 


आगे आमिर खान प्रोडक्शंस लिखता है, ‘हमारा मानना है कि शूटिंग लोकेशन को गंदा करने के बारे में कुछ गलत खबरें और अफवाहें फैल रही हैं। हम ऐसे दावों का दृढ़ता से खंडन करते हैं। हमारी शूटिंग लोकेशन स्थानीय प्रशासन के लिए हमेशा खुली रहती है। वे जब चाहे, तब चेक कर सकते हैं।’ जिस वायरल वीडियो से आमिर खान पर सवाल उठे हैं। उसे शेयर करते हुए लद्दाखी ने लिखा, ‘लद्दाख के वाखा गांव निवासियों को ये गिफ्ट बॉलीवुड स्टार आमिर खान की अपकमिंग फिल्म लाल सिंह चड्ढा ने दिया है। सत्यमेव जयते शो के दौरान तो आमिर खान पर्यावरण और साफ-सफाई को लेकर बड़ी-बड़ी बातें करते थे लेकिन जब बात खुद पर आई तो उन्होंने ये किया।’ 

आमिर के टीम की इस हरकत से वहां के लोग हैरान और निराश थे। यह मामला इतना बढ़ गया की आमिर खान के प्रोडक्शन हाउस को आगे आकर इसपर आधिकारिक बयान देना पड़ा। 

Desk Team