कोरोना के केस तेज़ी से बढ़ते दिखाई दे रहे है। इन आंकड़ों के देखकर एक बार फिर चिंता बढ़ती जा रही है। देश में कोरोना की तीसरी लहर का आगाज हो चुका है। आम लोगो के साथ-साथ बड़ी संख्या में टीवी और फिल्म जगत के सितारे भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। हाल ही में खबर आई कि एक्ट्रेस स्वरा भास्कर अपने पूरे परिवार के साथ कोरोना टेस्ट पॉजिटिव हो गईं हैं। स्वरा और उनका परिवार इस वक्त आइसोलेशन में हैं और सभी नियमों का पालन कर रहा है।

उन्होंने बताया कि वह डबल वैक्सीन ले चुकी हैं, उम्मीद है कि जल्द ही सबकुछ ठीक हो जाएगा। दरअसल, स्वरा ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी देते हुए अपने पोस्ट में लिखा- ‘5 जनवरी 2022 से कोविड के लक्षण दिखने शुरू हुए। आरटी-पीसीआर टेस्ट ने इसकी पुष्टि की है। मैं और मेरा परिवार 5 जनवरी की शाम से आइसोलेशन में हैं… और मैं सभी जरूरी एहतियात बरत रही हूं। मैंने अपने कोविड होने के बारे में उन सभी को सूचित कर दिया है जिनसे मैं एक सप्ताह पहले मिली थी लेकिन अगर कोई मेरे कॉन्टैक्ट में आया है तो कृपया अपना टेस्ट करा लें। डबल मास्क पहनें और सभी सुरक्षित रहें।’
अपने पोस्ट के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा- ‘हैलो कोविड, बस अभी मेरा आरटी-पीसीआर टेस्ट रिजल्ट आया और टेस्ट पॉजिटिव है। खुद को आइसोलेशन में कर लिया है। बुखार, सिरदर्द और स्वाद की क्षमता खत्म होना जैसे लक्षण हैं। डबल वैक्सीन ली हुई है तो उम्मीद है जल्द ही सब ठीक हो जाएगा। परिवार और घर पर रहने के लिए बहुत आभारी हूं। सभी सुरक्षित रहें।’

बता दें कि कोरोना ने बॉलीवुड सितारों और टीवी सेलेब्स को अपने चपेट में लेना शुरू कर दिया। पिछले दिनों सोनू निगम, अर्जुन कपूर, अमृता अरोड़ा, करीना कपूर, नोरा फतेही, समेत कितने ही सितारे पॉजिटिव आए थे। तो वहीं टीवी इंडस्ट्री भी इससे अछूता नहीं सुमोना चक्रवर्ती, नकुल मेहता सहित कई सितारे इससे पीड़ित हैं।


Download Android App
Download iOS App



