फैन से मोबाइल छीनने के मामले पर भड़की राजनीति, गोवा में बैन हो सकते हैं सलमान खान

Summary :

गोवा हवाईअड्डे पर सलमान खान के साथ सेल्फी लेने की कोशिश कर रहे एक प्रशंसक के व्यवहार से बॉलीवुड अभिनेता मंगलवार को इस कदर नाराज हुए कि उन्होंने उसका फोन ही छीन लिया। अब इस मामले ने राजनीतिक मोड़ ले लिया है और हो सकता है कि सलमान खान को गोवा में बैन कर दिया जाए।

गोवा हवाईअड्डे पर सलमान खान के साथ सेल्फी लेने की कोशिश कर रहे एक प्रशंसक के व्यवहार से बॉलीवुड अभिनेता मंगलवार को इस कदर नाराज हुए कि उन्होंने उसका फोन ही छीन लिया। अब इस मामले ने राजनीतिक मोड़ ले लिया है और हो सकता है कि सलमान खान को गोवा में बैन कर दिया जाए। 
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस वीडियो क्लिप में एक व्यक्ति उस वक्त सलमान के करीब आकर सेल्फी लेने की कोशिश करता नजर आ रहा है जब अभिनेता हवाईअड्डे से बाहर निकल रहे थे। 
वीडियो में इससे नाराज सलमान उस व्यक्ति का मोबाइल फोन छीनते देखे जा सकते हैं, बाद में उस व्यक्ति की पहचान एक एयरलाइंस के लिये काम करने वाले कर्मचारी के तौर पर की गई। 
हवाईअड्डे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है लेकिन जब वीडियो वायरल हो गया तब हमने इस घटना की जांच की और इसकी पुष्टि की।” कुछ राजनेताओं ने ट्विटर पर खान के व्यवहार की आलोचना की और कहा कि अभिनेता को माफी मांगनी चाहिए। इस मुद्दे पर राज्य की बीजेपी और एनएसयूआई ने मिलकर सलमान खान की गोवा में एंट्री बैन करने की डिमांड की है। 
दक्षिण गोवा के पूर्व सांसद और प्रदेश भाजपा महासचिव नरेंद्र सवाईकर ने ट्वीट किया, ‘‘सेलिब्रिटी होने की वजह से लोग और आपके प्रशंसक सार्वजनिक स्थलों पर सेल्फी लेंगे। आपका रवैया और व्यवहार बेहद निंदनीय था। आपको बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए।’’ 

दक्षिण गोवा के भाजपा महासचिव नवीन पाई रायकर ने हवाईअड्डे की घटना के बारे में ट्वीट करते हुए 2002 के हिट एंड रन मामले का संदर्भ दिया जिसमें खान का नाम आरोपी के तौर पर सामने आया था। मुंबई की अदालत ने 2002 के मामले में सलमान को बरी कर दिया था और उच्चतम न्यायालय में मामले का फैसला लंबित है। 

रायकर ने ट्वीट किया, ‘‘अंकल, यह गोवा में व्यवहार का तरीका नहीं है। ये मुंबई का फुटपाथ नहीं है जहां आप लोगों को अपनी कार से कुचलकर चले जाते हैं। सलमान खान आपको माफी मांगनी चाहिए।’’ 
एनएसयूआई प्रेसिडेंट अहराज मुल्ला ने गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत को पत्र में  लिखा- ‘मैं ये निवेदन करता हूं कि आपकी अथॉरिटी कृपया इस मामले को गंभीरता से देखें। एक्टर से माफी की मांग करें क्योंकि ये सावर्जनिक रूप से फैन का अपमान है। इस तरह के खराब रिकॉर्ड वाले हिंसक एक्टर को गोवा में आने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।’

Ujjwal Jain