सलमान खान और उनके बहनोई आयुष शर्मा हाल ही में फिल्म ‘अंतिम: द फाइनल ट्रुथ’ में नजर आए थे। यह पहली बार था जब सलमान और आयुष एक साथ बिग स्क्रीन पर नजर आए हों। फिल्म ‘अंतिम’ को दर्शकों का मिलाजुला रिस्पॉन्स मिला है। इस बीच हाल ही में दिए एक इंटरव्यू के चलते आयुष एक बार फिर चर्चाओं में हैं। आयुष ने इस इंटरव्यू में कहा है कि लोग उनके बारे में यह सोचते हैं कि उनके पास जो कुछ भी है वो सलमान खान का दिया हुआ है।

आयुष ने अपनी लाइफ पर सलमान खान के साए पर बात करते हुए कहा- ”दुर्भाग्यपूर्ण बात है कि मेरी लाइफ कोई भी छोटी चीज़ होती है। जैसे मान लो मैंने कार खरीदी। तो लोगों को लगता है कि अच्छा तुम्हें ये सलमान ने दिया। तुमने ये किया, अच्छा सलमान की वजह से। मेरे पास भी पैसे हैं, मैं ऐसे ही यहां-वहां नहीं घूम रहा।”

आयुष शर्मा आगे कहते हैं, ‘लेकिन फिर मैं ये सोचता हूं कि चलो ठीक है…मुझे आलोचना और निगेटिविटी पसंद है। जब मुझे कोई ट्रोल करता है तो अच्छा लगता है क्योंकि मुझे लगता है कि मैं एक दिन इन सब लोगों को गलत साबित कर दूंगा। जब मुझे पहली बार ट्रोल किया गया, तो मुझे लगा क्यों? मैंने क्या गलत किया? मेरे साथ ऐसा क्यों हो रहा है? फिर मैंने क्रिटिसिज़्म को हेल्दी तरीके से लेना शुरू कर दिया।”

आयुष शर्मा ने एक दूसरे इंटरव्यू में सलमान की कही एक बात का ज़िक्र किया था। उन्होंने बताया कि ‘अंतिम’ का एक सीन शूट करने के बाद उन्होंने सलमान से अपनी परफॉरमेंस के बारे में पूछा। सलमान ने कहा, आयुष को उनसे नहीं, डायरेक्टर से पूछना चाहिए।

सलमान ने आयुष से कहा- ”अगर मैं तुम्हें बताऊंगा कि तुम्हारा सीन कैसा था, तो मैं अपने नज़रिए से बताऊंगा। मैं बताऊंगा कि अगर वो सीन मैं करता, तो कैसे करता। क्योंकि मैं खुद एक एक्टर हूं। इसलिए तुम मुझसे जब भी पूछोगे मैं अपने हिसाब से चीज़ें तुम्हें बताऊंगा। फिर तुम मेरे जैसी चीज़ें करने लगोगे। मैं दो सलमान नहीं चाहता। दूसरा सलमान बनना तुम्हारे लिए नुकसानदेह चीज़ साबित होगी। तुम वो करो, जो तुम करना चाहते हो।”


Download Android App
Download iOS App



