Gadar 2 की रिलीज पहले Sunny Deol ने गोल्डन टेंपल में टेका माथा, जा सकते हैं अटारी बॉर्डर

Summary :

बॉलीवुड फिल्म गदर-2 के रिलीज से पहले एक्टर और गुरदासपुर के सांसद सनी देओल शनिवार को अमृतसर पहुंचे। उन्होंने श्री हरमंदिर साहिब यानी गोल्डन टेम्पल में जाकर माथा टेका और आशीर्वाद लिया। अनिल शर्मा की डायरेक्टोरियल गदर 2 एक्शन पैक्ड मूवी है।

हिंदी सिनेमा के अभिनेता सनी देओल किसी पहचान के मोहताज नहीं है। अपनी दमदार एक्टिंग के दम पर सनी ने बॉलीवुड में अपनी खास पहचान बनाई है। सनी इन दिनों अपनी फिल्म गदर 2 को लेकर सुर्खियों में छाए हुए हैं। गदर से सनी देओल ने फिल्म इंडस्ट्री में अपने नाम का डंका बजा दिया था। अब सालों बाद इस फिल्म का सीक्वल बनने जा रहा है। 
11 अगस्त को सनी देओल की गदर 2 सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। ऐसे में फिल्म प्रोमोशन के लिए सनी अमृतसर पहुंचे। जहां उन्होंने सबसे पहले श्री हरमंदिर साहिब यानी गोल्डन टेम्पल में जाकर माथा टेका और आशीर्वाद लिया। इस दौरान गदर 2 की टीम ने भी एक्टर के साथ गोल्डन टेम्पल के दर्शन किए। सनी करीब 20 मिनट तक सचखंड श्री हरमंदिर साहिब परिसर में रहे। इस दौरान उन्होंने कड़ा प्रसाद भी ग्रहण किया।
इस दौरान मीडिया से बातचीत के दौरान सनी ने कहा कि वो यहां (गोल्डन टेंपल) आकर काफी खुशी महसूस कर रहे है। जब भी वो यहां आते है उनकी आंखे हमेशा खुशी से भर जाती है। भारत अमन-शांति का देश है और हमें ये भाईचारा हमेशा बना कर रखना है। पगड़ी व कुर्ते पजामे में सन्नी अपने फैंस से भी मिले, लेकिन उनकी सुरक्षा टीम ने उन्हें घेरे रखा और लोगों को उनके ज्यादा करीब नहीं आने दिया।
अनिल शर्मा की डायरेक्टोरियल ‘गदर 2’ एक्शन पैक्ड मूवी है, जिसमें एक बार फिर सनी देओल और अमीषा पटेल की जोड़ी दर्शकों को देखने को मिलने वाली है। सनी को एक बार फिर तारा सिंह के दमदार किरदार में देखने के लिए फैंस बेताब हैं।  बताया जा रहा है कि सनी देओल अपनी फिल्म के प्रमोशन के लिए अटारी सरहद पर रिट्रीट सेरेमनी में हिस्सा लेने जाएंगे। जहां वो देश की सुरक्षा में लगे बीएसएफ जवानों से मिलेंगे।
सनी देओल को लंबे अरसे बाद थियेटर में देखने के लिए उनके चाहने वाले बेहद एक्साइटेड हैं और गदर पार्ट 1 ने दुनियाभर में कमाई के रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। ऐसे में गदर 2 का फैंस बड़ी बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, जो अब जल्द ही खत्म होने जा रहा है। गदर 2 के ट्रेलर में मेकर्स ने पिछली फिल्मी का हर वो मसाला दिखाया है जिसने फिर से फैंस का दिल जीत लिया है।

Desk Team