सुपरस्टार सलमान खान की फिल्म ‘भारत’ के ‘स्लो मोशन’ गाने में अभिनेत्री दिशा पटानी पीले रंग की साड़ी में डांस करते नजर आईं। इस गाने में दिशा के लुक को देखकर लोगों का कहना है कि ‘साड़ी कहां है?’
विशाल-शेखर ने इसे संगीत से सजाया है और नकाश अजीज व श्रेया घोषाल ने इसे अपनी आवाज दी है। गाने में दिशा सलमान संग डांस करते दिख रही हैं। ‘स्लो मोशन’ गाने में पीले रंग की साड़ी के पल्लू को रस्सी की तरह मरोड़कर दिशा के कंधे पर डाल दिया गया है।
यूट्यूब पर महज 24 घंटे में इस गाने को 2.4 करोड़ लोगों ने देखा। अवार्ड विजेता टेक्सटाइल डिजाइनर गौरांग शाह को लगता है कि साड़ी का सार ही इसमें पूरी तरह से धूमिल हो गया है।
डिजाइनर ने बातचीत में कहा, सभी के पास किसी चीज को नए अंदाज में पेश करने का विकल्प होता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि आप साड़ी के उस मौलिक सार से दूर हट जाएं जिसने पीढ़ियों से इसे एक खूबसूरत परिधान बनाया है। यह हमारी सांस्कृतिक विरासत और सभ्यता का हिस्सा है। आपको इसे कुछ उस अंदाज में ड्रेप करना चाहिए जिससे इसकी विशेषता बनी रहे।
कई लोगों को ऐसा लगता है कि दिशा का लुक गाने में साल 1990 के गाने ‘टिप टिप बरसा पानी’ में रवीना टंडन के लुक से मिल रहा है तो किसी ने कहा कि यह माधुरी दीक्षित का ‘धक धक’ लुक है। कुछ ऐसे भी हैं जिन्होंने इस पर जोक्स भी बनाए हैं।
एक यूजर ने ट्वीट किया : दिशा के साड़ी के पल्लू को देखो, इसने दिशा को ठीक उसी तरह से ढका है जिस तरीके से मैं पूरे साल के दौरान अपने सिलेबस को कवर करता हूं। किसी ने लिखा, यह इकलौती ऐसी साड़ी है जिसमें पल्लू की जगह नाड़ा है।
दिशा की साड़ी पर कुछ मीम्स भी बन रहे हैं। एक ने लिखा, अगर आप खुद को कभी बेकार महसूस कर रहे हैं तो इस गाने में दिशा के पल्लू के बारे में सोचें। एक तस्वीर में दिशा की साड़ी के पल्लू पर इशारा करते हुए लिखा गया : क्या मैं तुम्हारे लिए एक मजाक हूं?


Download Android App
Download iOS App









