बॉलीवुड अभिनेता इरफान खान का 53 साल की उम्र में निधन, गम में डूबा बॉलीवुड जगत

Summary :

बॉलीवुड अभिनेता इरफान खान का मुम्बई के एक अस्पाताल में बुधवार को निधन हो गया। वह 54 साल के थे और लंबे समय से एक दुलर्भ किस्म के कैंसर से जंग लड़ रहे थे। अभिनेता के प्रतिनिधि ने यह जानकारी दी है।

बॉलीवुड अभिनेता इरफान खान का मुम्बई के एक अस्पाताल में बुधवार को निधन हो गया। वह 54 साल के थे और लंबे समय से एक दुलर्भ किस्म के कैंसर से जंग लड़ रहे थे। अभिनेता के प्रतिनिधि ने यह जानकारी दी है। इस बेहद दुखद खबर से न सिर्फ फैंस बल्कि पूरा बॉलीवुड सदमे में आ गया है। 
बीते सोमवार को खबर आयी थी कि इरफ़ान की अचानक तबियत बिगड़ने की वजह से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ‘‘मकबूल’’अभिनेता खान को रेक्टल संक्रमण के कारण मंगलवार को कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में आईसीयू में भर्ती कराया गया था। 2018 में उन्हें कैंसर हुआ था। 
बता दें , इरफ़ान खान की 95 वर्षीय मां सईदा बेगम का चार दिन पहले ही जयपुर में इंतकाल हुआ था। अभिनेता कोरोना वायरस से निपटने के लिए लगाये गये लॉकडाउन के कारण अपनी मां के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाये थे। 
इरफ़ान खान की टीम द्वारा जारी किये गए बयान में कहा गया है , ‘‘ यह काफी दुखद है कि आज हमें उनके निधन की खबर बतानी पड़ रही है। इरफान एक मजबूत इंसान थे, जिन्होंने अंत तक लड़ाई लड़ी और अपने संपर्क में आने वाले हर शख्स को प्रेरित किया। 2018 में एक दुर्लभ किस्म का कैंसर होने के बाद उन्होंने उससे लड़ाई लड़ी और जीवन के हर मोर्चे पर उन्होंने कई लड़ाईयां लड़ीं।’’ 
बयान के अनुसार, ‘‘ अपने प्रियजनों, अपने परिवार के बीच उन्होंने अंतिम सांस ली और अपने पीछे एक महान विरासत छोड़ गए। हम दुआ करते हैं कि उन्हें शांति मिले। इरफान कैंसर से पीड़ित थे और कुछ महीने पहले ही लंबे समय तक विदेश में इलाज कराके लौटे थे। आखिरी बार वो फिल्म ‘अंग्रेजी मीडियम’ में नजर आए थे। 
फिल्म ‘पीकू’ के निर्देशक शूजित सिरकार ने अभिनेता के निधन पर शोक जताते हुए ट्वीट किया, ‘‘मेरे प्रिय मित्र इरफान। तुम लड़े, लड़े और लड़ते रहे। मुझे हमेशा तुम पर गर्व रहेगा…. हम दोबारा मिलेंगे…सुतापा और बाबिल को मेरी संवेदनाएं… तुमने भी लड़ाई लड़ी…. सुतापा तुमने इस लड़ाई में अपना सब कुछ दिया। ओम शांति। इरफान खान तुम्हें सलाम।’’ 
आईसीयू में भर्ती कराए जाने के बाद आज सुबह इरफान के निधन की खबर आई। राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता ने ‘लाइफ ऑफ पाई’, ‘द नेमसेक’ और ‘हासिल’ जैसी फिल्मों में अलग-अलग तरह के किरदार निभा अपने अभिनय से लोगों का दिल जीता। 
अभिनेता 2018 में बीमार होने के बाद इलाज के लिए ब्रिटेन चले गए थे और दुनिया से खुद को एकदम दूर कर लिया था। 2020 में उन्होंने ‘अंग्रेजी मीडियम’ से बड़े पर्दे पर वापसी की जो कि उनकी आखिरी फिल्म भी साबित हुई। 

Ujjwal Jain