बॉलीवुड एक्टर कार्तिक आर्यन ने अपनी दमदार एक्टिंग के दम पर आज इंडस्ट्री में अपनी खास जगह बना ली है। बैक टू बैक हिट फिल्में देने वाले कार्तिक ने अपनी परफॉमेंस से सबका दिल जीत लिया है और हर फिल्म मेकर उनके साथ काम करने के लिए बेताब है। हाल ही में रिलीज हुई फिल्म सत्यप्रेम की कथा में भी दर्शकों ने कार्तिक को काफी पसंद किया। कार्तिक अब अपनी अपकमिंग स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म चंदू चैंपियन को लेकर चर्चा में बने हुए हैं।

कबीर खान के निर्देशन में बन रहीं अपकमिंग स्पोर्ट्स ड्रामा चंदू चैंपियन में कार्तिक आर्यन लीड रोल में नजर आने वाले हैं। एक्टर ने अपनी अगली फिल्म की शूटिंग भी शुरु कर दी है। अपने पसंदीदा अभिनेता को पहली बार किसी स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म में देखने के लिए फैंस बेहद खुश हैं। इसी बीच अब मेकर्स ने फैंस की एक्साइटमेंट को बढ़ाने के लिए फिल्म से कार्तिक आर्यन के लुक से भी पर्दा हटा दिया है।

कार्तिक आर्यन ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर चंदू चैंपियन का फर्स्ट लुक शेयर किया है। चंदू चैंपियन से सामने आया कार्तिक का लुक उनके अबतक के सभी किरदारों से सबसे हटकर है। चंदू चैंपियन के पोस्टर में छोटे बाल और भारत का ब्लेजर पहने कार्तिक काफी अलग दिखाई दे रहे हैं। इसके अलावा उनके चेहरे पर कुछ चोट के निशान भी दिख रहे हैं, लेकिन आंखों से वो बेहद गंभीर लुक दे रहे हैं।

कार्तिक आर्यन ने पोस्टर को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “जब आपकी चेस्ट पर इंडिया लिखा हो, तो ये एक बहुत अलग एहसास होता है। गर्व है एक रियल हीरो का रोल करते हुए, जिसने कभी भी हार नहीं मानी।” बता दें कि कार्तिक आर्यन स्टारर चंदू चैंपियन शारीरिक रूप से डिसएबल्ड सेना के दिग्गज खिलाड़ी मुरलीकांत पेटकर के जीवन पर आधारित है। मुरली पेटकर ने साल 1970 में राष्ट्रमंडल खेलों और 1972 में जर्मनी में पैरालंपिक में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया था।

चंदू चैंपियन में कार्तिक आर्यन और कबीर खान पहली बार साथ काम कर रहे हैं। हालांकि इस फिल्म का प्रोडक्शन नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट कर रहे हैं जिनके साथ कार्तिक ने हाल ही में सत्यप्रेम की कथा की थी। ऐसे में ये कार्तिक के साथ नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट का दूसरा प्रोजेक्ट है। कबीर खान के डायरेक्शन में बन रही चंदू चैंपियन 14 जुलाई 2024 को रिलीज होगी।


Download Android App
Download iOS App



