इंडस्ट्री पर फिर लगा कोविड का ग्रहण, कोरोना की वजह से टली ‘RRR’ की रिलीज डेट

Summary :

फिल्म समीक्षक तरण आदर्श ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट के जरिए ये जानकारी दी। उन्होंने फिल्म के मेकर्स द्वारा जारी बयान को शेयर करते हुए लिखा, ‘जर्सी के बाद अब RRR की रिलीज डेट टाल दी गई है।’

फिल्ममेकर एसएस राजामौली की मेगा बजट फिल्म आरआरआर पर कोरोना की गाज गिर गई है। सिनेमाघरों के बंद होने और कोरोना के प्रकोप को देखते हुए मेकर्स ने फिल्म की रिलीज टाल दी है। आरआरआर पहले 7 जनवरी को रिलीज होने थी, लेकिन अब मूवी को इस तारीख पर रिलीज नहीं किया जाएगा। हालांकि, अभी आरआरआर की नई रिलीज डेट का एलान नहीं किया गया है। एसएस राजामौली की फिल्म की रिलीज डेट पहले भी कई बार टाली जा चुकी है।
राम चरण और एनटीआर जूनियर स्टारर ‘RRR’ के निर्माताओं ने फिल्म की रिलीज की तारीख को अगली सूचना तक के लिए टालने का फैसला किया है। इससे पहले शनिवार को फिल्म के निर्देशक SS Rajamauli फिल्म के सहयोगी मेकर्स के साथ मीटिंग लिए मुंबई गए थे। मीटिंग का नतीजा डीवीवी एंटरटेनमेंट, प्रोडक्शन कंपनी द्वारा साझा किया गया। इस संबंध में ट्विटर पर घोषणा की गई।


उन्होंने ट्वीट में लिखा है, ‘सभी शामिल पार्टियों के सर्वोत्तम हितों को ध्यान में रखते हुए हम अपनी फिल्म की रिलीज को टालने के लिए मजबूर हैं। सभी प्रशंसकों और दर्शकों को उनके बिना शर्त प्यार के लिए दिल से धन्यवाद।’ अब इस ट्वीट पर लोग अजीब तरह से रिएक्ट कर रहे हैं। कोई तो मेकर्स की मजबूरी को समझते हुए उनके साथ दिख रहा है तो कोई अपनी निराशा दिखा रहा है। 

रिपोर्ट्स के अनुसार कोरोना के कारण कई शहरों में सिनेमाघर बंद कर दिए गए हैं। कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए मेकर्स ने तय किया है कि फिल्म RRR को फिलहाल के लिए टाल देना ही सभी के लिए ठीक होगा।  कोरोना के कारण फिल्म 83 की कलेक्शन और बिजनेस पर भी काफी असर पड़ा जिसको देखते हुए RRR मेकर्स ने यह फैसला लिया है।   

Desk Team