बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार और मानुषी छिल्लर की अपकमिंग फिल्म ‘पृथ्वीराज’ रिलीज से पहले ही विवादों में घिर गई है। कई बॉलीवुड फिल्मों के खिलाफ आवाज उठा चुकी करणी सेना ने इस बार अक्षय कुमार की फिल्म को अपना निशाना बनाया है। करणी सेना ने अक्षय कुमार की फिल्म ‘पृथ्वीराज’ के टाइटल पर आपत्ति जताई है।

अक्षय कुमार स्टारर पृथ्वीराज की जब से घोषणा की गई है फिल्म लगातार सुर्खियों में हैं। इस फिल्म से पूर्व मिस वर्ल्ड मानुषी छिल्लर अपना बॉलीवुड में डेब्यू कर रही हैं। लेकिन फिल्म अब मुसीबत में घिरती दिख रही है। दरअसल करणी सेना ने फिल्म पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अब फिल्म के रिलीज से पहले ही इसके टाइटल को लेकर राजपूत संगठन ने आपत्ति जताई है। दरअसल करणी सेना के युवा विंग के अध्यक्ष, फिल्म निर्माता सुरजीत सिंह राठौर ने कहा है कि जब फिल्म महान पृथ्वीराज चौहान पर आधारित है, तो वे फिल्म का शीर्षक सिर्फ ‘पृथ्वीराज’ कैसे रख सकते हैं?

उनका कहना है कि हम चाहते हैं कि शीर्षक को उनके पूरे नाम में बदल दिया जाए और पृथ्वीराज चौहार को सम्मान दिया जाए। इतना ही नहीं इसके साथ करणी सेना ने फिल्म को लेकर और भी मांगे की हैं। उन्होंने मांग की है कि रिलीज से पहले उनके लिए फिल्म की स्क्रीनिंग की जानी चाहिए।

इसके साथ ही धमकी देते हुए कहा है कि अगर वे हमारी सलाह नहीं मानते हैं तो उन्हें परिणाम भुगतने होंगे। इससे पहले ‘पद्मावत’ के दौरान संजय लीला भंसाली के साथ क्या हुआ, इस फिल्म के निर्माताओं को भी इसके लिए तैयार रहना होगा। अब मेकर्स के इस पर जवाब का हर किसी को इंतजार है।

अक्षय कुमार ने 2019 में अपने जन्मदिन पर इस प्रोजेक्ट की घोषणा की थी। एक ट्वीट के साथ अक्षय ने कहा था, “मेरे जन्मदिन पर अपनी पहली ऐतिहासिक फिल्म के बारे में साझा करने के लिए उत्साहित हूं, मैं अपनी सबसे बड़ी फिल्म ‘पृथ्वीराज’ में एक नायक की भूमिका निभाने के लिए विनम्र हूं, जिसे मैं उसकी वीरता और मूल्यों के लिए देखता हूं – सम्राट पृथ्वीराज चौहान. डॉ चंद्रप्रकाश द्विवेदी द्वारा निर्देशित फिल्म को आदित्य चोपड़ा द्वारा निर्मित किया जा रहा है।


Download Android App
Download iOS App



