टीवी के लोकप्रिय धारावाहिक महाभारत में श्री कृष्ण का किरदार निभाने वाले अभिनेता नितीश भरद्वाज ने 12 साल बाद पत्नी स्मिता गाटे चंद्रा के साथ सभी रिश्ते खत्म कर लिए हैं। एक्टर की वाइफ पेशे से आईएएस ऑफिसर हैं। इस कपल का रिश्ता सितंबर, 2019 में ही खत्म हो गया था। हालांकि, अपने रिश्ते पर नितीश भरद्वाज ने अब 2 साल बाद चुप्पी तोड़ी है। बता दें कि नितीश और स्मिता गाटे की दो जुडवा बेटियां हैं, जो अपनी मां के साथ ही इंदौर में रह रही हैं। अपने हालिया इंटरव्यू में नीतीश भारद्वाज ने पत्नी स्मिता संग अलगाव पर खुलकर बात की है।

अपने इंटरव्यू के दौरान नितीश भरद्वाज ने कहा- मैंने फैमिली कोर्ट में तलाक के लिए सितम्बर, 2019 में अर्जी लगाई थी। मैं उन चीजों में नहीं घुसना चाहता कि किस वजह से हम दोनों अलग हुए। इस समय मामला कोर्ट में है और मैं सिर्फ इतना ही कह सकता हूं कि तलाक, मौत से भी ज्यादा तकलीफ देने वाला होता है, खासकर उस वक्त जब आप खुद एक खालीपन में जी रहे होते हैं।

तलाक से सबसे ज्यादा दुखी हुए बच्चे
शादी के रिश्ते को लेकर एक्टर ने कहा- शादी में यकीन रखता हूं, लेकिन मैं इस मामले में खुशकिस्मत नहीं रहा हूं। सच बताऊं तो शादी टूटने के कारण हो सकते हैं। बहुत बार आप अपने साथी के घमंड से तालमेल नहीं बैठा पाते हैं तो कई बार कुछ अन्य चीज़े भी होती हैं। कभी ऐसा भी होता है जब ईगो सामने आता है तो कई बार आपके विचार नहीं मिलते। लेकिन कोई रिश्ता जब भी टूटता है तो उसमें सबसे ज्यादा तकलीफ बच्चों को होती है और इसके जिम्मेदार माता-पिता ही होते हैं।

बता दें, नितीश भरद्वाज की पहली शादी मोनिशा पाटिल के साथ 1991 में हुई थी। इनसे भी एक्टर को दो बच्चे एक बेटा और एक बेटी। हालांकि, ये रिश्ता सालों बाद टूट गया और दोनों ने 2005 में तलाक ले लिया। इसके बाद एक्टर ने 1992 बैच (मध्य प्रदेश कैडर) की आईएएस ऑफिसर स्मिता गाटे से 2009 में शादी की, लेकिन अब ये रिश्ता भी खत्म हो गया है।


Download Android App
Download iOS App



