Nora Fatehi Health Update: बॉलीवुड की मशहूर डांसर और एक्ट्रेस नोरा फतेही को लेकर एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। बीते शनिवार नोरा की कार एक सड़क हादसे का शिकार हो गई, जिससे उनके फैंस की चिंता बढ़ गई। हालांकि राहत की बात यह है कि इस हादसे में एक्ट्रेस को गंभीर चोट नहीं आई और अब वह पूरी तरह सुरक्षित हैं। हादसे के बाद नोरा ने खुद सोशल मीडिया के जरिए अपनी सेहत को लेकर अपडेट दिया है और साथ ही ये भी बताया है कि उनका एक्सीडेंट कैसे हुआ?
Nora Fatehi Car Accident: किसने मारी कार को टक्कर?

बता दें, हादसे की खबर फैलते ही नोरा फतेही के चाहने वाले उनकी सेहत को लेकर परेशान हो गए थे। इसी बीच एक्ट्रेस ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने फैंस बताया कि वह ठीक हैं। वीडियो में नोरा ने बताया कि सुबह के वक्त उनका एक गंभीर एक्सीडेंट हुआ था। उनके मुताबिक, एक व्यक्ति ने शराब के नशे में गाड़ी चलाते हुए उनकी कार को तेज़ रफ्तार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह कार के अंदर इधर-उधर उछल गईं और उनका सिर खिड़की से जा टकराया।

नोरा ने कहा कि उन्हें कुछ मामूली चोटें जरूर आई हैं, लेकिन वह खुद को बेहद खुशकिस्मत मानती हैं कि बड़ा नुकसान होने से बच गया। उन्होंने यह भी कहा कि यह हादसा और भी खतरनाक हो सकता था। एक्ट्रेस ने अपने वीडियो के जरिए लोगों से अपील की कि शराब पीकर गाड़ी चलाना बेहद खतरनाक है और इससे न सिर्फ खुद की बल्कि दूसरों की जान भी जोखिम में पड़ जाती है।
Nora Fatehi Accident News : अस्पताल में कराया गया भर्ती

एक्सीडेंट के तुरंत बाद नोरा फतेही को पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका पीरा चेकअप किया। वहीं एहतियात के तौर पर उनका सीटी स्कैन भी कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, एक्ट्रेस को केवल हल्की चोटें आई हैं और घबराने जैसी कोई बात नहीं है। मेडिकल टीम ने उन्हें कुछ समय आराम करने की सलाह दी है। डॉक्टरों की रिपोर्ट सामने आने के बाद नोरा के फैंस ने राहत की सांस ली। सोशल मीडिया पर उनके जल्दी ठीक होने की दुआएं की जा रही हैं और फैंस लगातार उनके लिए दुआएं कर रहे है।
Nora Fatehi Health Update: कब हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा उस वक्त हुआ जब नोरा फतेही मुंबई में ऑर्गेनाइज्ड डेविड गुएटा के कॉन्सर्ट में परफॉर्मेंस देने के लिए रवाना हो रही थीं। हादसे के बाद उनकी कार को काफी नुकसान पहुंचा, जिसकी तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर सामने आईं। इन तस्वीरों से साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि टक्कर कितनी तेज़ थी।
हालांकि एक्सीडेंट के बावजूद नोरा ने अपने प्रोफेशनल कमिटमेंट को पीछे नहीं छोड़ा। डॉक्टरों की सलाह के बाद भी उन्होंने इवेंट में शामिल होने का फैसला किया और डेविड गुएटा के साथ स्टेज पर शानदार परफॉर्मेंस दी। खास बात यह रही कि ऑडियंस को इस बात का अंदाजा तक नहीं हुआ कि परफॉर्मेंस से कुछ घंटे पहले नोरा एक बड़े हादसे से गुजरी थीं।
फैंस कर रहे तारीफ

नोरा फतेही के जज्बे और प्रोफेशनलिज्म की हर तरफ तारीफ हो रही है। फैंस सोशल मीडिया पर कह रहे हैं कि एक्सीडेंट के बाद भी स्टेज पर उतरना काबिले तारीफ है।
वहीं इस मामले में मुंबई पुलिस ने भी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, हादसा शराब के नशे में गाड़ी चला रहे ड्राइवर की वजह से हुआ। आरोपी के खिलाफ शराब पीकर वाहन चलाने से जुड़ी धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है और उसे हिरासत में लेकर आगे की जांच की जा रही है। कुल मिलाकर, यह हादसा भले ही डराने वाला रहा हो, लेकिन नोरा फतेही की हिम्मत ने साबित कर दिया कि वह न सिर्फ शानदार परफॉर्मर हैं, बल्कि मुश्किल हालात में भी मजबूत रहना जानती हैं।


Download Android App
Download iOS App




