महाभारत में भीम का किरदार निभाने वाले प्रवीण कुमार सोबती का निधन, आर्थिक तंगी से थे परेशान

Summary :

बीआर चोपड़ा के महाभारत में भीम का किरदार निभाने वाले अभिनेता प्रवीण कुमार सोबती का निधन हो गया है। उन्होंने 74 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया। बताया जा रहा है कि प्रवीण कुमार सोबती लंबे समय से बीमारी और आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे।

लता मंगेशकर के बाद एक बार फिर से मनोरंजन जगत से बुरी खबर सामने आई है। छोटे पर्दे के मशहूर सीरियल ‘महाभारत’ में भीम का किरदार निभाने वाले अभिनेता प्रवीण कुमार सोबती का निधन हो गया है। वह 74 साल के थे। प्रवीण कुमार सोबती अपनी जिंदगी के आखिरी दिनों में काफी बीमारी थे और आर्थिक तंगी से गुजर रहे थे। उनके निधन की जानकारी बेटी ने दी। 
 बताया जा रहा है कि प्रवीण कुमार सोबती लंबे समय से बीमारी और आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे। उन्होंने अपने मजबूत शरीर के दम पर एक खिलाड़ी के तौर पर अपने करियर की शुरुआत की थी। 
एक खिलाड़ी के रूप में अपने करियर की शुरुआत करने के बाद प्रवीण कुमार सोबती ने बॉलीवुड का रुख किया। कई फिल्मों में विलेन का रोल किया, लेकिन उन्हें सबसे ज्यादा पहचान दिलाई बीआर चोपड़ा के ‘महाभारत’ ने। जिसमें उन्होंने भीम का रोल निभाया था। इस किरदार ने उन्हें घर-घर में फेमस कर दिया। अपने दमदार शरीर के चलते भीम के किरदार में प्रवीण कुमार सोबती खूब पसंद किए गए। 
प्रवीण कुमार सोबती अपने एक्टिंग करियर के दौरान अमिताभ बच्चन, जितेंद्र जैसे सुपरस्टार्स के साथ भी काम कर चुके हैं। उन्होंने 1981 में आई ‘रक्षा’ से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। इसी साल आई ‘मेरी आवाज सुनो’ में भी प्रवीण कुमार सोबती अहम रोल में नजर आए। इन फिल्मों में उन्होंने जितेंद्र के साथ काम किया। पिर अमिताभ बच्चन की सुपरहिट फिल्म ‘शहंशाह’ में भी वह नजर आए। इसके अलावा चाचा चौधरी सीरियल में वह साबू के किरदार में दिखाई दिए। 

Desk Team