बॉलीवुड के खिलाड़ी अक्षय कुमार इंडस्ट्री के उन सितारों में से एक हैं जिनके पास काम की कोई कमी नहीं है। एक साल में अक्षय कुमार की कई फिल्में बॉक्स ऑफिस पर दस्तक देती हैं। ऐसे में अक्षय कुमार के पास समय की काफी कमी हो जाती है। कई बार बिजी शेड्यूल की वजह से अक्षय कुमार को अपने प्रोजेक्ट्स छोड़ने पड़ जाते हैं जिसका फायदा दूसरे सितारों को मिलता है। ताजा मिल रही जानकारी की मानें तो अक्षय कुमार ने हाल ही में हाथ आई फिल्म को छोड़ दिया है। जिसके बाद मेकर्स ने इस फिल्म के लिए राजकुमार राव को फाइनल कर लिया।

अब फिल्म में अक्षय कुमार की जगह दिखाई देंगे राजकुमार राव। राजकुमार राव इस समय अपनी अगली फिल्म रूही की रिलीज़ का इंतज़ार कर रहे हैं। इसके बाद उनके पास स्त्री 2 है जो पता नहीं कब शुरू होगी। ऐसे में राजकुमार राव ने मौका ना गंवाते हुए मुदस्सर अज़ीज़ की कॉमेडी फिल्म साईन कर ली है। इस फिल्म में उनका साथ देंगी उनकी स्त्री को स्टार श्रद्धा कपूर। ये फिल्म इसी साल फ्लोर पर जाएगी और फटाफट शूट की जाएगी।

माना जा रहा है कि फिल्म इसी साल या 2022 की शुरूआत में रिलीज़ होगी। फिल्म को प्रोड्यूस कर रहे हैं जैकी भगनानी। गौरतलब है कि 2020 में राजकुमार राव ने लूडो के साथ दर्शकों का दिल जीता। फिल्म में वो फातिमा सना शेख के अपोज़िट दिखाई दिए थे और उनके बिल्कुल अलग अभिनय ने फिल्म में चार चांद लगा दिए थे। इसके अलावा वो छलांग में नुशरत भरूच और प्रियंका चोपड़ा के साथ द व्हाइट टाईगर में भी दिखाई दिए।


Download Android App
Download iOS App



