दीपिका पादुकोण को उनकी आगामी फिल्म पठान के गाने बेशरम रंग को लेकर जमकर ट्रोल किया जा रहा है। जब से यह गाना रिलीज हुआ है तभी से इसे लेकर विवाद मचा हुआ है। गाने में एक्ट्रेस ने भगवा रंग की बिकनी पहन रखी है जिसे लेकर बवाल मचा हुआ है। दीपिका की बिकनी की कलर को लेकर उनको काफी खरी-कोटी सुनाई जा रही है और इतना ही नहीं फिल्म पठान को बैन करने की मांग भी हो रही है।

आरोप है कि फिल्म पठान में जानबूझकर भगवा रंग की बिकनी का इस्तेमाल किया गया है। इसके जरिए सनातन धर्म के लोगों की भावनाओं को आहत पहुंचाया गया है। इसे लेकर कई राजनैतिक दलों और संत समाज के लोगों ने बेशरम रंग के गाने पर आपत्ति जताई है। हालांकि इस मामले में काफी सारे लोग एक्ट्रेस के सपोर्ट में भी नजर आए है। वहीं अब सलमान खान की एक्स और एक्ट्रेस सोमी अली दीपिका और पठान के गाने बेशरम रंग के समर्थन में उतर आई हैं।

सोमी अली ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट से बेशरम रंग गाने के पोस्टर को शेयर करते हुए उसके सपोर्ट में एक लंबा-चौड़ा नोट लिखा है। एक्ट्रेस ने पोस्टर को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा “मैं इस फिल्म और इस गाने को देखने के लिए और इंतजार नहीं कर सकता! दीपिका बहुत खूबसूरत लग रही हैं और यह मेरे लिए पर्सनली एक इंस्पिरेशन की तरह है कि मैं अपने वर्कआउट पर ज्यादा ध्यान दूं। ”

इसी के साथ सोमी ने गाने और दीपिका विरोध कर रहे लीडर्स पर सख्त टिप्पणी करते हुए लिखा, “अनपढ़ मंत्री के रूप में: तो उन्हें अपने लिए एक अच्छी जिंदगी की जरूरत है। भारत में रोज यौन तस्करी में बेचे जा रहे बच्चों पर ध्यान दें। उन महिलाओं पर ध्यान दें जो हिंसक हमलों और घरेलू हिंसा की शिकार हो रही हैं। छोटे बच्चें यौन और शारीरिक शोषण के शिकार हो रहे हैं। लोग सचमुच भूख के कारण अपनी जान गंवा रहे हैं।”
एक्ट्रेस ने आगे लिखा, “हर दिन महिलाओं के साथ शोषण के डरा देने वाले आंकड़े सामने आ रहे हैं। अपनी प्राथमिकताओं पर ध्यान दे, न कि कलाकारों के पीछे पड़े जिनके पास क्रिएटिव काम करने का लाइसेंस, जब तक कि वो किसी को नुकसान नहीं पहुंचाते हैं। और लोगों को कड़ी मेहनत करने के लिए प्रोत्साहित करने के अलावा, इस गाने या फिल्म में कुछ भी गलत नहीं है। अपनी प्राथमिकताओं की जांच करें और एजुकेशन लेने के साथ इसकी शुरुआत करें।”


Download Android App
Download iOS App



