Box Office: रणबीर कपूर की फिल्म ‘Sanju’ ने 20 दिनों में तोड़े कई रिकॉर्ड

Summary :

रणबीर कपूर की सुपरहिट फिल्म ‘Sanju’ को रिलीज हुए 20 दिन हो चुके हैं। लेकिन फिल्म की कमाई है कि थमने का नाम ही नहीं ले रही है।

रणबीर कपूर की सुपरहिट फिल्म ‘Sanju’ को रिलीज हुए 20 दिन हो चुके हैं। लेकिन फिल्म की कमाई है कि थमने का नाम ही नहीं ले रही है। राजकुमार हिरानी के निर्देशन में बनी फिल्म संजू दिन पर दिन बॉक्स ऑफिस पर तबाड़तोड़ कमाई कर रही है। फिल्म का कुल कलेक्शन 300 करोड़ रुपए से भी ज्यादा हो गया है।

20 दिनों में फिल्म ने कमाए इतने करोड़ रुपये

बता दें कि, ‘Sanju’ को ऑडियंस और क्रिटिक्स से अच्छा रिस्पॉन्स मिला है और दर्शकों के बीच इसका क्रेज कम होने का नाम ही नहीं ले रहा है। पहले दिन 34.75 करोड़ रुपये बटोरने वाली यह बायोपिक, साल 2018 की सबसे बड़ी ओपनिंग कलेक्शन करने वाली फिल्म बनी।

‘Sanju’ ने पहले हफ्ते 200.08 करोड़ रुपये उगाहे जबकि दूसरे हफ्ते की कमाई 89.75 करोड़ रु. रही। तीसरे शुक्रवार फिल्म ने 4.25 करोड़, शनिवार को 7.25 करोड़, रविवार को 8.50 करोड़, सोमवार को 2.50 करोड़ और मंगलवार को 2.25 करोड़ रुपये का बिजनेस किया।

बॉक्स ऑफिस इंडिया के आंकड़ों के मुताबिक, तीसरे हफ्ते फिल्म के खाते में अब तक (4 दिनों में) 24.70 करोड़ रुपये आए और इसी के साथ शुरुआती 20 दिनों में फिल्म ने 314.58 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन कर डाला है।

फिल्म ‘Sanju’ की कहानी एक्टर संजय दत्त के जीवन पर आधारित हैं। एक्टर की लाइफ के उतार-चढ़ावों को दिखाया गया है। फिल्म में संजय दत्त का रोल रणबीर कपूर ने अदा किया है। फिल्म समीक्षकों के अलावा दर्शक भी रणबीर कपूर की एक्टिंग की तारीफ कर रहे हैं।

फिल्म समीक्षकों ने फिल्म ‘Sanju’ को रणबीर कपूर के करियर की अबतक की सबसे शानदार फिल्म बताया है। अपनी एक्टिंग से दर्शकों का दिल जीत चुके रणबीर कपूर के करियर में पहली बार ऐसा हुआ है कि उनकी कोई फिल्म 200 करोड़ या 300 करोड़ के क्लब में शामिल हुई है

यदि बात करे रणबीर कपूर स्टारर फिल्म ‘Sanju’  के वर्ल्डवाइड कलेक्शन की तो कलेक्शन 500 करोड़ के पार पहुंच चुका है। रणबीर कपूर के अलावा फिल्म में मनीषा कोईराला, परेश रावल, दिया मिर्जा, अनुष्का शर्मा, सोनम कपूर, जिम सरब और विक्की कौशल लीड भूमिका में हैं।

Desk Team