शाहरुख खान के बेटे को नहीं मिली राहत! 7 अक्टूबर तक NCB की कस्टडी में रहेंगे आर्यन खान

Summary :

आर्यन ख़ान पर आरोप है कि उन्होंने एक क्रूज रेव पार्टी में हिस्सा लिया था। एनसीबी ने शनिवार रात मुंबई में एक क्रूज पर छापा मारा था जहां पर रेव पार्टी चल रही थी।

शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान की मुश्क‍िलें बढ़ गई हैं। NCB के छापे में पकड़े गये शाह रुख के बेटे आर्यन खान को कोर्ट से राहत नहीं मिल सकी।  आर्यन अब 7 अक्टूबर तक NCB की कस्टडी में रहेंगे। एनसीबी ने आर्यन की कस्टडी बढ़ाने की मांग की थी जिसपर किला कोर्ट में सोमवार को सुनवाई हुई। आर्यन 3 दिनों तक कस्टडी में रहेंगे। आर्यन का केस वकील सतीश मानश‍िंदे देख रहे थे। 
एनसीबी रिमांड में कहा गया था कि आर्यन खान के फोन में तस्वीरों के रूप में चौंकाने वाली आपत्तिजनक चीजें मिली हैं। एनसीबी ने 11 तारीख तक और हिरासत की मांग की गई थी। बताया जा रहा है कि आर्यन के फोन से पिक्चर्स चैट के रूप में कई लिंक्स मिले हैं, जो इंटरनेशनल ड्रग्स ट्रैफिकिंग की ओर इशारा करते हैं। 

एनसीबी की कस्टडी में आर्यन खान और अरबाज मर्चेंट से पूछताछ की गई थी। इस दौरान आर्यन टूट गए थे। एनसीबी ने कहा कि पूछताछ के बाद उन्होंने ड्रग्स को लेकर जगह-जगह रेड मारी जहां से कई लोगों को पकड़ा गया था। 

बता दें कि एनसीबी ने एक टिप के आधार पर शनिवार को मुंबई से गोवा जा रहे ‘कॉर्डेलिया द इम्प्रेस’ नाम के क्रूज शिप पर छापा मारा था, जहां एक रेव पार्टी चल रही थी। छापे में प्रतिबंधित पदार्थ मिले, जिसके बाद आर्यन खान समेत 8 लोगों को हिरासत में लिया गया था। इनमें 3 लड़कियां भी शामिल थीं। रविवार को एनसीबी के दफ़्तर में इन सभी से कई घंटों तक पूछताछ की गयी,जिसके बाद 3 लोगों को गिरफ़्तार किया गया। इनमें आर्यन, अरबाज मर्चेंट और मुनमुन धमेचा शामिल हैं। कोर्ट ने इन तीनों को 4 अक्टूबर की एनसीबी कस्टडी में भेजा था। हालांकि, एनसीबी ने 7अक्टूबर तक की कस्टडी मांगी थी।

Desk Team