Sonu Nigam की बढ़ी मुश्किलें, विवादित बयान के बाद Kannada Film Industry ने सिंगर पर लगाया बैन?

Summary :

सोनू निगम के बयान से नाराज कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री

सोनू निगम के विवादित बयान ने कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री में हलचल मचा दी है। बेंगलुरु में एक कॉलेज इवेंट में कन्नड़ गानों की मांग पर सोनू ने ऐसा जवाब दिया, जो कई लोगों को नागवार गुजरा। अब उनके खिलाफ कर्नाटक फिल्म चेंबर ऑफ कॉमर्स सख्त कदम उठाने की तैयारी में है।

मशहूर सिंगर सोनू निगम एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। इस बार वजह उनका कोई गाना नहीं बल्कि एक बयान बन गया है, जिसने कर्नाटक में खासा हंगामा खड़ा कर दिया है। बेंगलुरु के एक कॉलेज में आयोजित लाइव कॉन्सर्ट के दौरान दिए गए उनके एक कमेंट से कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री नाराज हो गई है, जिसके बाद अब उनके खिलाफ सख्त रुख अपनाने की तैयारी की जा रही है।

क्या है पूरा मामला?

बता दें, 25 अप्रैल को बेंगलुरु के एक कॉलेज में आयोजित म्यूज़िकल इवेंट के दौरान सोनू निगम मंच पर परफॉर्म कर रहे थे। इस दौरान दर्शकों में से कुछ लोगों ने बार-बार उनसे कन्नड़ गानों की मांग की। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फैंस के बार-बार गाने की डिमांड करने के बाद सोनू निगम नाराज़ हो गए और मंच से जवाब देते हुए बोले, “इसी रवैये के कारण पहलगाम जैसी घटनाएं होती हैं।”

Sonu Nigam

उनके ये बयान तुरंत सोशल मीडिया पर आग की तरह फैलगए, जिसके बाद उन्हें सोशल मीडिया पर काफी ट्रोल किया गया। इतना ही नहीं, कई लोगों ने इसे कन्नड़ भाषा और संस्कृति का अपमान बताया और इस कमेंट की कड़ी निंदा की। इसके साथ ही कुछ यूजर्स ने तो इसे देश की एकता पर सवाल उठाने वाला भी करार दिया।

Sonu Nigam

सोनू की सफाई

इस बयान के बाद सोनू निगम के खिलाफ बेंगलुरु के अवलाहल्ली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई गई है। हालांकि, विवाद बढ़ता देख सोनू निगम ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो के जरिए सफाई दी। उन्होंने कहा कि उन्हें कुछ युवकों द्वारा मंच पर धमकाया गया और उस स्थिति में उन्होंने भावनाओं में बहकर ऐसा जवाब दिया। सोनू ने यह भी कहा कि उनकी टिप्पणी पूरे कन्नड़ समाज को लेकर या उनके खिलाफ नहीं थी।

Sonu Nigam

कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री का बड़ा कदम

अब ताजा खबरों के अनुसार, कर्नाटक फिल्म चेंबर ऑफ कॉमर्स इस मसले पर गंभीरता से विचार कर रहा है। सोमवार को बेंगलुरु में एक अहम बैठक आयोजित की गई है, जिसमें म्यूजिक डायरेक्टर्स, डायरेक्टर्स और प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन के वरिष्ठ सदस्य शामिल होंगे। सूत्रों की मानें तो बैठक में यह प्रस्ताव रखा जा सकता है कि सोनू निगम को आगे कन्नड़ फिल्मों में काम न दिया जाए।

Fawad Khan की फिल्म Abir Gulaal के सपोर्ट में उतरे एक्टर Prakash Raj, बोलें: इसे रिलीज करो

जानकारी के मुताबिक, बैठक में साधु कोकिला, हरिकृष्णा, अर्जुन जन्या और धर्मा विश्व जैसे संगीतकारों के शामिल होने की संभावना है। इन सभी का मानना है कि सोनू का बयान उनकी भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है और इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

Sonu Nigam

सोनू निगम की बढ़ी मुश्किलें

सोनू निगम पहले भी कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री के लिए कई सुपरहिट गाने गा चुके हैं और दक्षिण भारत में उनका बड़ा फैनबेस है। हालांकि, मौजूदा विवाद ने उनके लिए मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि कन्नड़ इंडस्ट्री इस मामले पर क्या अंतिम फैसला लेती है और सोनू निगम इस मुश्किल से कैसे बाहर निकलते हैं।

Yashika Jandwani