बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान की मच अवेटेड फिल्म पठान रिलीज के लिए पूरी तरह तैयार है। किंग खान की इस कमबैक फिल्म का फैंस भी बड़ी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस फिल्म के साथ शाहरुख पूरे चार साल बाद बिग स्क्रीन पर वापसी करने जा रहे हैं, ऐसे में फैंस का एक्साइटमेंट लेवल काफी हाई है। पठान को बॉलीवुड की अब तक की सबसे बड़ी एक्शन फिल्म बताया जा रहा है।

शाहरुख खान के साथ फिल्म में दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम अहम रोल में नजर आने वाले हैं। सिद्धार्थ आनंद के डायरेक्शन में बनी यह फिल्म 25 जनवरी 2023 को थियेटर में रिलीज होने जा रही है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच काफी क्रेज देखने को मिल रहा है। इसी बीच रिलीज से पहले पठान’ ने नया इतिहास रच दिया है।

दरअसल, किंग ऑफ रोमांस कहे जाने वाले शाहरुख खान की आगामी फिल्म पठान आईसीई थिएटर फॉर्मेट में रिलीज होगी। ऐसे में यश राज फिल्म्स ने पठान के लिए नई टेक्नोलॉजी की तरफ एक कदम आगे बढ़ाया है। यशराज फिल्म्स में वितरण के उपाध्यक्ष रोहन मल्होत्रा कहते हैं, हमें यह घोषणा करते हुए गर्व हो रहा है कि दर्शकों को एक शानदार अनुभव देने के लिए पठान आईसीई फॉर्मेट में रिलीज होने वाली पहली भारतीय फिल्म होगी।

रोहन ने आगे बताया कि, ‘दिल्ली एनसीआर में दो ऑपरेशनल पीवीआर सिनेमा साइटों के साथ अवतार: द वे ऑफ वॉटर की स्क्रीनिंग के साथ इंडिया में इस फॉर्मेट की शुरुआत हो चुकी है। किसी और के सामने नई तकनीक को अपनाना और अपनाना हमेशा हमारे वाईआरएफ के डीएनए का हिस्सा रहा है। भारत में प्रीमियम फॉर्मेट को अपनाने की शुरुआत हमेशा यश राज फिल्म्स से हुई है।’

गौर करने वाली बात ये है कि पठान से पहले किसी भी इंडियन फिल्म को इस फॉर्मेट में रिलीज नहीं किया गया है। वहीं इंटरनेशनल लेवल पर बात करें तो डॉक्टर स्ट्रेंज इन द मल्टीवर्स ऑफ मैडनेस, द बैटमैन, फैंटास्टिक बीस्ट्स: द सीक्रेट्स ऑफ डंबलडोर, टॉप गन: मेवरिक और मॉर्बियस जैसी कई हॉलीवुड फिल्मों को इस हाई-एंड फॉर्मेट में आईसीई थिएटर्स में रिलीज किया जा चुका है।

बता दें कि आईसीई थियेटर में साइड पैनल शामिल हैं जो मैन स्क्रीन के साथ, एक पेरीफेरल विजन बनाते हैं, जिसके चलते स्क्रीन पर कलर और स्पीड को और भी बढ़ाया जा सकता है। ऐसे में अब पठान की रिलीज से पहले ही फिल्म के नाम एक नया रिकॉर्ड बन गया है। हिंदी के अलावा तमिल और तेलुगु भाषा में पठान रिलीज होगी।


Download Android App
Download iOS App



