भुवनेश्वर, 27 जनवरी (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मंगलवार को संबलपुर जिले के लापंगा में हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड के आदित्य एल्युमिनियम संयंत्र में भारत की पहली फ्लैट रोल्ड प्रोडक्ट्स (एफआरपी) एल्युमिनियम इकाई का उद्घाटन किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि ओडिशा में एक नई औद्योगिक क्रांति शुरू हो गई है।
सीएम माझी ने कहा कि राज्य ओडिशा में नए उद्योगों की स्थापना के लिए लगभग 20 लाख करोड़ रुपए की औद्योगिक परियोजनाओं के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है। एक बार ये औद्योगिक प्रस्ताव चालू हो जाने पर ओडिशा में लगभग 15 लाख नए रोजगार सृजित होंगे।
26,996 करोड़ रुपए के निवेश से स्थापित इस परियोजना से 5,012 लोगों के लिए रोजगार सृजित होने की उम्मीद है, जिससे डाउनस्ट्रीम विनिर्माण को मजबूती मिलेगी और क्षेत्र में आजीविका के नए अवसर पैदा होंगे।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “पश्चिमी ओडिशा आज आत्मविश्वास, अनुशासन और उद्यमशीलता का प्रतीक है, जो जंगलों और कृषि भूमि से विश्व स्तरीय विनिर्माण के केंद्र में परिवर्तित हो रहा है।”
उन्होंने श्रमिकों को ओडिशा की औद्योगिक सफलता का असली सूत्रधार बताया और कहा कि उनकी लगन यह सुनिश्चित करती है कि उत्पादन कभी न रुके और प्रगति कभी धीमी न हो।
माझी ने कहा कि विकास को केवल निवेश या घोषणाओं से नहीं मापा जाता है, बल्कि लोगों के जीवन में वास्तविक परिवर्तन, युवाओं के लिए रोजगार, परिवारों के लिए सुरक्षा, बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा से मापा जाता है।
मुख्यमंत्री ने राज्य के पश्चिमी क्षेत्रों में औद्योगिक विकास पर प्रकाश डालते हुए कहा, “पश्चिमी ओडिशा एक वैश्विक औद्योगिक केंद्र के रूप में उभर रहा है, जहां विश्व स्तरीय निवेश जन-केंद्रित विकास से मिलता है। हमारा ध्यान स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजित करने, लघु एवं मध्यम उद्यमों को मजबूत करने, मूल्यवर्धित और हरित विनिर्माण को बढ़ावा देने और यह सुनिश्चित करने पर है कि उद्योग के विकास के साथ-साथ हर परिवार, हर गांव और हर युवा का भी विकास हो।”
उन्होंने लोगों से उद्योगों का खुले दिल और सक्रिय रूप से स्वागत करने की अपील भी की।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री माझी ने सुंदरगढ़ जिले के राउरकेला में सीआईआई एंटरप्राइज ओडिशा प्रदर्शनी 2026 के 25वें संस्करण का भी उद्घाटन किया।
इस प्रदर्शनी में विभिन्न क्षेत्रों की अग्रणी कंपनियां अपनी क्षमताओं, नवाचारों और औद्योगिक विकास की कहानियों का प्रदर्शन कर रही हैं। एंटरप्राइज ओडिशा एक प्रमुख औद्योगिक मंच है, जिसका उद्देश्य ओडिशा की औद्योगिक क्षमताओं और निवेश के अवसरों को प्रदर्शित करना है।
एक्सपो के उद्घाटन समारोह की शाम में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम और राउरकेला का पहला ड्रोन शो प्रस्तुत किया गया, जिसमें पश्चिमी ओडिशा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक जीवन और औद्योगिक प्रगति को प्रदर्शित किया गया।
–आईएएनएस
एएसएच/एबीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



