मुंबई : विमानन कंपनी एयरएशिया इंडिया ने अपने बेड़े में एक नया एयरबस ए 320 विमान शामिल किया है। इससे उसके बेड़े में विमानों की संख्या 18 हो गयी है। इससे कंपनी को नई उड़ान सेवा शुरू करने तथा कोलकाता – बागडोगरा के बीच फेरे बढ़ाने में मदद मिलेगी। कंपनी ने आज जारी बयान में कहा कि यह विमान कोलकाता में रखा जाएगा। कोलकाता कंपनी का तीसरा बेस है। कंपनी के दो अन्य बेस बेंगलुरू और नयी दिल्ली में हैं।
कंपनी ने कहा कि बेड़े में 18 वां विमान शामिल करने से उसे कोलकाता से विशाखापत्तनम , इंफाल , गुवाहाटी , पुणे और बागडोगरा के लिए 11 मई से रोजाना उड़ानें शुरू करने में मदद मिलेगी। कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमर एब्रोल ने कहा , ‘‘ हम इन छोटे एवं बड़े शहरों के लिये नये मार्ग की शुरुआत कर कोलकाता में उपस्थिति बढ़ाने को उत्साहित हैं। यह साल भी हमारे लिये शानदार रहा है और हम अधिक लोगों को किफायती विमानन सेवाएं देने के लिए उत्सुक हैं। ’’ इन नये मार्गों के लिए टिकटों की बुकिंग कल सुबह से शुरू होगी। कंपनी विशेष पेशकश के तहत कोलकाता से विशाखापत्तनम , इंफाल और गुवाहाटी के लिए 1,699 रुपये में तथा पुणे के लिए 3,499 रुपये में टिकट दे रही है।
देश की हर छोटी-बड़ी खबर जानने के लिए पढ़े पंजाब केसरी अखबार।


Download Android App
Download iOS App



