मुंबई : आईएल एंड एफएस से जुड़ी कथित वित्तीय गड़बड़ियों के मामले में गिरफ्तार कंपनी के दो पूर्व अधिकारियों को बृहस्पतिवार को छह दिन के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की हिरासत में भेज दिया गया।
आईएल एंड एफएस के पूर्व संयुक्त प्रबंध निदेशक अरुण के साहा एवं ट्रांसपोर्टेशन नेटवर्क के पूर्व प्रबंध निदेशक के रामचंद को एक विशेष पीएमएलए अदालत ने 25 जून तक ईडी की हिरासत में भेज दिया।
दोनों को बुधवार को देर शाम गिरफ्तार किया गया। दोनों गिरफ्तार पूर्व अधिकारियों को बृहस्पतिवार को मनीलांड्रिंग रोधी कानून के तहत गठित न्यायमूर्ति पी पी राजवैद्य की विशेष अदालत में पेश किया गया।
आईएल एंड एफएस मामले से जुड़ी अपनी जांच के सिलसिले में एजेंसी ने यह पहली गिरफ्तारी की है।
केंद्रीय एजेंसी ने इस साल फरवरी में धनशोधन का मामला दर्ज किया था और अतिरिक्त साक्ष्य एकत्र करने के लिए पूर्व अधिकारियों के ठिकानों पर छापेमारी की थी।
पिछले साल सितंबर में समूह की कंपनियों द्वारा ऋण भुगतान में चूक करने के बाद आईएल एंड एफएस से जुड़ी वित्तीय अनियमितताओं का मामला प्रकाश में आया था।


Download Android App
Download iOS App



