नयी दिल्ली : देश के कई हिस्सों में जारी नकदी संकट के बीच अधिकारियों का कहना है कि बैंक शाखाओं और एटीएम को नकदी की आपूर्ति सुधरी है, लेकिन इसके बावजूद प्रणाली में नकदी संकट अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हो पाया है। केनरा बैंक के एक अधिकारी का कहना था कि बैंकिंग प्रणाली से निकलने वाले 2,000 के नोटों का एक बड़ा हिस्सा जमाओं के रूप में वापस नहीं आ रहा है। हालांकि, बैंक अधिकारियों का कहना है कि स्थिति जल्द सामान्य हो जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि बैंकों द्वारा एटीएम में नकदी डालने पर नजर रखी जा रही है जिससे उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
एक अधिकारी ने अपना नाम न छापने की शर्त पर कहा, ‘‘प्रणाली में नकदी की कमी अभी बनी हुई है।’’ भारतीय स्टेट बैंक के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘हमने देशभर में अपने पीओएस टर्मिनलों से मुफ्त में निकासी की सुविधा दी है। बैंक ने ग्राहकों को पैसा निकालने के लिए एक और विकल्प दिया है। हमें उम्मीद है कि एटीएम में नकदी की कमी की समस्या जल्द हल हो जाएगी।’’ केनरा बैंक के एक अधिकारी ने कहा कि कर्नाटक में पिछले दो – तीन दिन में स्थिति सुधरी है। कर्नाटक में अगले महीने विधानसभा चुनाव होने हैं। उन्होंने कहा कि किसी अन्य बैंक की तुलना में एटीएम से नकदी निकासी के मामले में हमारी स्थिति बेहतर है। हमें उम्मीद है कि इसी सप्ताह स्थिति सामान्य हो जाएगी।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



