नई दिल्ली : केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) के चेयरमैन के विरुद्ध अनपेक्षित रूप से आवाज उठाने और उनके खिलाफ उत्पीड़न की शिकायत करने वाली वरिष्ठ आयकर अधिकारी अल्का त्यागी को पदोन्नत कर विशेष सचिव स्तर का पद दिया गया है। सीबीडीटी के तीन अक्टूबर के आधिकारिक आदेश के अनुसार मुंबई में मुख्य आयकर आयुक्त (इकाई-दो) त्यागी को सक्षम प्राधिकारी के अनुमोदन के बाद प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त के पद पर पदोन्नत किया जाता है।
उन्हें 2.25 लाख रुपये वेतन मैट्रिक्स (श्रेणी) के 17वें स्तर के तहत रखा गया है। त्यागी ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को पत्र लिखकर सीबीडीटी के चेयरमैन प्रमोद चंद्र मोदी पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। त्यागी का एक आरोप यह भी था कि उनके खिलाफ सतर्कता विभाग की जांच के एक पुराने मामले को मोदी उनकी पदोन्नति रोकने और उन्हें ‘ब्लैकमेल’ करने के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं जबकि यह जांच कब की बंद हो चुकी है।
वैसे उस जांच को खत्म करने का आदेश मोदी ने ही पारित किया था। इस संबंध में एक रपट रविवार को इंडियन एक्सप्रेस में छपी थी। आदेश में कहा गया है कि पदोन्नति के बाद उनकी नियुक्ति नागपुर में केंद्रीय प्रत्यक्ष कर अकादमी में प्रधान आयकर महानिदेशक (प्रशिक्षण) के तौर पर की गयी है। त्यागी 1984 बैच की भारतीय राजस्व सेवा अधिकारी हैं।


Download Android App
Download iOS App



