दूरसंचार क्षेत्र की दिग्गज कंपनियों भारती एयरटेल, रिलायंस जियो और वोडाफोन आइडिया ने 5जी प्रौद्योगिकी के परीक्षण (5जी ट्रायल) के लिए आवेदन जमा किए हैं। दूरसंचार उद्योग से जुड़े सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों ने कहा कि एयरटेल ने देश में 5जी परीक्षण के लिए हुवावेई, जेडटीई, एरिक्सन और नोकिया के साथ हाथ मिलाया है जबकि जियो ने ट्रायल के लिए सैमसंग के साथ साझेदारी की है।
जानकार सूत्रों ने बताया कि वोडाफोन आइडिया ने भी 5जी परीक्षण के लिए आवेदन किया है और उसने इसके लिए हुवावेई, जेडटीई, एरिक्सन और नोकिया के साथ भागीदारी की है।
इस संबंध में भेजे गए ई-मेल का भारती एयरटेल, रिलायंस जियो और वोडाफोन आइडिया ने अब तक कोई जवाब नहीं दिया है।
पिछले महीने, दूरसंचार मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा था कि सरकार सभी दूरसंचार सेवाप्रदाताओं को 5जी नेटवर्क के परीक्षण के लिए स्पेक्ट्रम देगी।
सरकार की इस घोषणा से चीन की दूरसंचार उपकरण विनिर्माता हुवावेई को बड़ी राहत मिली थी, जिसे अमेरिका में प्रतिबंधों का सामना करना पड़ रहा है।


Download Android App
Download iOS App



