सियोल : दक्षिण कोरिया ने BMW की गाड़ियों के इंजन में आग लगने की घटनाओं को लेकर उस पर 99 लाख डॉलर का जुर्माना लगाया है। साथ ही उस पर शिकायतों पर कथित रूप से ढिलाई बरतने पर आपराधिक मुकदमा दर्ज किया जाएगा। दक्षिण कोरिया ने सोमवार को यह बात कही।
दक्षिण कोरिया के परिवहन मंत्रालय की समिति पांच महीने की जांच-पड़ताल के बाद इस निष्कर्ष पर पहुंची है कि जर्मनी की कार निर्माता कंपनी BMW ने तकनीकी खामियों को छुपाने की कोशिश की और इंजन में आग लगने की घटनायें सामने आने के बाद कारें वापस लेने में ढिलाई भी बरती।
इस साल की शुरुआत में BMW की करीब 40 कारों के इंजन में आग लगने की घटनायें सामने आयी थी। मंत्रालय ने पाया कि वाहनों के एग्जॉस्ट गैस रिसर्क्युलेशन (ईजीआर) कूलर में वाल्व की खराबी आग लगने की वजह है। BMW ने आग की घटनाओं पर माफी मांगी थी।
साथ ही उसने जुलाई और अक्टूबर में 65 विभिन्न मॉडलों के 172,000 वाहनों को वापस भी मंगाया था। कंपनी की दक्षिण कोरियाई इकाई ने कहा कि मंत्रालय के निष्कर्ष कंपनी के आकलन के अनुरूप ही हैं। ईजीआर कूलर्स में कूलेंट का रिसाव आग की वजह है। कंपनी ने मंत्रालय के आरोप पर सीधे-सीधे कोई जवाब नहीं दिया।


Download Android App
Download iOS App



