नई दिल्ली: वीडियोकॉन कर्ज मामले को लेकर विवादों में फंसी आईसीआईसीआई बैंक की सीईओ चंदा कोचर की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही हैं। आईसीआईसीआई बैंक ने अब उनके खिलाफ स्वतंत्र रूप से आंतरिक जांच शुरू कर दी है। निजी क्षेत्र के बैंक आईसीआईसीआई (ICICI) ने कहा कि बैंक ने अपनी प्रबंध निदेशक और सीईओ चंदा कोचर के खिलाफ स्वतंत्र जांच कराने का फैसला किया है। यह जांच अज्ञात ‘व्हिसल ब्लोअर’ द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद की जा रही है। आईसीआईसीआई बैंक ने रेग्युलेटरी फाइलिंग में बताया है कि जांच किसी स्वतंत्र व्यक्ति के नेतृत्व में होगी।
बैंक के बोर्ड ने कहा है कि ऑडिट कमिटी इस मामले में आगे फैसला लेगी। कमिटी जांच टीम का मुखिया, संदर्भ की शर्तें और समय अवधि तय करेगी। ऑडिट कमिटी मुख्य जांचकर्ता को स्वतंत्र लीगल और प्रफेसनल सपॉर्ट के साथ मदद देगी। बैंक पर आरोप है कि इसने वीडियोकॉन ग्रुप का पक्ष लेकर उसे ऋण सुविधा दी जिसमें नियमों का उल्लंघन हुआ है। कोचर के पति की कंपनी को यह ऋण दिया गया।
बता दें कि आयकर विभाग ने कर चोरी के मामले में दीपक कोचर को नया नोटिस जारी किया था। दीपक कोचर निजी क्षेत्र के सबसे बड़े बैंक आईसीआईसीआई बैंक की प्रबंध निदेशक और सीईओ चंदा कोचर के पति हैं। यह मामला आईसीआईसीआई बैंक-वीडियोकॉन कर्ज मामले से जुड़ा है। आरोप है कि कर्ज लेने वालों ने आईसीआईसीआई बैंक से कर्ज दिए जाने के बदले चंदा कोचर के परिवार वालों को वित्तीय फायदे दिए। मामले की जांच सीबीआई व आयकर विभाग सहित अनेक एजेंसियां कर रही हैं।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



