विदिशाः कपिलधारा हितग्राहियों की कृषि आय दोगुनी करने के उद्देश्य से बेगमगंज में कृषि विज्ञान केन्द्र नकतरा तथा बेगमगंज जनपद पंचायत द्वारा एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में कलेक्टर भावना वालिम्बे ने किसानों से आय दोगुनी करने के लिए परम्परागत खेती छोड़कर आधुनिक वैज्ञानिक तरीकों से खेती करने के साथ ही पशुपालन, मुर्गीपालन, मत्स्यपालन करने के लिए कहा।
उन्होंने मुख्यमंत्री भावांतर भुगतान योजना के अंतर्गत पूर्व में पंजीयन नहीं करा पाए किसानों को 25 नवम्बर तक पंजीयन कराने के लिए कहा। उन्होंने कपिलधारा हितग्राहियों को सिंचाई के लिए मुख्यमंत्री सोलर पम्प योजना, पाइप लाईन व स्प्रिंकलर सिस्टम के लिए अन्य विभागीय योजनाओं से जोड़ने के निर्देश अधिकारियों को दिए। कार्यशाला में कृषि वैज्ञानिक डॉ. स्वप्निल दुबे ने कपिलधारा हितग्राहियों को फसल की किस्मों में बदलाव, फसल विविधिकरण के अन्तर्गत धनिया, लहसुन, ड्रिप व मल्चिंग तकनीक पर सब्जियों की खेती, संतुलित मात्रा में खादों का उपयोग व मूल्य संवर्धन सम्बन्धित जानकारी दी।
डॉ. सर्वेष त्रिपाठी द्वारा कृषकों की आय दोगुनी करने हेतु उत्पादन लागत में कमी, उत्पादकता में वृद्धि, कृषि विविधिकरण व मूल्य संवर्धन तकनीकों पर जानकारी दी गई। वैज्ञानिक डॉ. अंषुमान गुप्ता द्वारा आय के अतिरिक्त साधन हेतु मुर्गीपालन व बकरीपालन सम्बन्धी जानकारी दी गई। कार्यशाला में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमनवीर सिंह बैंस, एसडीएम श्री डीके सिंह, जनपद सीईओ श्री राजेश सोनी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।


Download Android App
Download iOS App



