मुंबई : नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ने खुदरा निवेशकों के लिए सोमवार को एक मोबाइल एप और वेब पोर्टल शुरू किया। इस पर वे सरकारी प्रतिभूतियों की खरीद-फरोख्त कर सकेंगे। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के चेयरमैन अजय त्यागी ने एनएसई गो-बिड एप को पेश किया।
इस एप पर खुदरा निवेशक 91 दिन, 182 दिन और 364 दिन की परिपक्वता वाले अल्पकालिक अवधि के सरकारी बांडों के साथ साथ 40 साल की अवधि वाले सरकारी बांडो में भी निवेश कर सकेंगे। त्यागी ने कहा कि सरकारी प्रतिभूतियों में निवेश के लिए मोबाइल एप को पेश करना ऐसे समय में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है जब देश में डिजिटल भुगतान में तेजी आयी है।
उन्होंने कहा कि सरकारी बांडों में खुदरा निवेशकों का प्रवेश तभी सुनिश्चित हुआ जब सेबी ने शेयर बाजारों को अलग से गैर-प्रतिस्पर्धी बोली मंच स्थापित करने की अनुमति दी।
बैंकों के सावधि जमा के मुकाबले मौजूदा समय में सरकारी बांडों का रिटर्न बेहतर है। दस साल की परिपक्वता वाले सरकारी बांड पर 7.80 से 7.83 प्रतिशत तक का ब्याज मिलता है।


Download Android App
Download iOS App





