भारतीय दूरसंचार उद्योग में दो पुरानी कंपनियों वोडाफोन आइडिया लिमिटेड (वीआईएल) और एयरटेल के ग्राहकों की संख्या में लगातार गिरावट जारी है, जबकि रिलायंस जियो के उपयोगकर्ताओं की संख्या में वृद्धि का क्रम बरकरार है। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) के हालिया आंकड़ों के अनुसार, जून में वीआईएल और एयरटेल के ग्राहकों की संख्या में क्रमशः 48.2 लाख और 11.3 लाख की गिरावट आयी। हालांकि, इस दौरान जियो के ग्राहकों की संख्या में करीब 45 लाख की वृद्धि हुई।
इस दौरान देश में कुल मोबाइल सेवा धारकों की संख्या 0.28 प्रतिशत कम होकर 114 करोड़ रह गयी। जून 2020 में शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में मोबाइल ग्राहकों की संख्या में कमी दर्ज की गयी। आंकड़ों के अनुसार, आलोच्य महीने के दौरान शहरी मोबाइल ग्राहक 0.18 प्रतिशत तथा ग्रामीण उपयोगकर्ता 0.40 प्रतिशत कम हुए। जून 2020 के अंत में कुल मोबाइल ग्राहकों में शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों की हिस्सेदारी क्रमश: 54.3 प्रतिशत और 45.7 प्रतिशत रही।
आलोच्य महीने के दौरान जियो के ग्राहकों की संख्या 44.9 लाख बढ़कर 39.7 करोड़ पर पहुंच गयी। हालांकि, इस दौरान भारती एयरटेल के ग्राहकों की संख्या करीब 11.3 लाख कम होकर 31.6 करोड़ रह गयी। इसी तरह वीआईएल के ग्राहकों की संख्या 48.2 लाख घटकर 30.5 करोड़ रह गयी। भारत में ब्रॉडबैंड ग्राहकों की कुल संख्या मई अंत के 68.3 करोड़ से बढ़कर जून अंत में 69.8 करोड़ हो गयी।


Download Android App
Download iOS App



