महंगाई : 10 दिनों में 9 बार बढ़ी पेट्रोल-डीजल की कीमतें, इस राज्य में 116 के पार मिल रहा है ईंधन

Summary :

पिछले 10 दिनों में कुल 6.40 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है।

देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में गुरुवार को एक बार फिर 80 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई। पिछले 10 दिनों में कुल 6.40 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम विपणन कंपनियों की तरफ से जारी मूल्य संबंधी अधिसूचना के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 101.01 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर अब 101.81 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 92.27 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 93.07 रुपये प्रति लीटर हो गई है।
कर के आधार पर अलग-अलग है राज्यों में रेट
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में देश भर में वृद्धि की गई है, लेकिन इनके दाम स्थानीय कर के आधार पर अलग-अलग राज्यों में भिन्न हैं।
पेट्रोल तथा डीजल की कीमतें करीब साढ़े चार महीने तक स्थिर रहने के बाद 22 मार्च को बढ़ाई गई थी। तब से नौवीं बार कीमतों में वृद्धि की गई है। पेट्रोल और डीजल की कीमत में अब तक कुल 6.40 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है।
महानगरों में तेल की कीमतें

दिल्ली            101.81                          93.07

मुंबई              116.72                          100.94

चेन्नई             107.45                          97.52

कोलकाता        111.35                          96.22

 

Desk Team