भारत दौरे पर है ब्रिटेन की विदेश मंत्री लिज ट्रस, रूस-यूक्रेन मुद्दे को लेकर एस. जयशंकर से करेंगी मुलाकात

Summary :

रूस और यूक्रेन के बीच जारी भीषण युद्ध को एक महीने से भी ज्यादा का समय हो गया है और अभी भी स्थिति काफी गंभीर बनी हुई है।

रूस और यूक्रेन के बीच जारी भीषण युद्ध को एक महीने से भी ज्यादा का समय हो गया है और अभी भी स्थिति काफी गंभीर बनी हुई है। इस बीच ब्रिटेन की विदेश मंत्री लिज ट्रस गुरुवार को अपने भारतीय समकक्ष एस. जयशंकर से मुलाकात करेंगी और इस दौरान वह यूक्रेन पर रूस के आक्रमण को रोकने के लिए लोकतांत्रिक देशों के मिलकर काम करने के महत्व को रेखांकित करेंगी। विदेश मंत्री ट्रस की भारत यात्रा के संबंध में ब्रिटिश उच्चायोग ने एक बयान जारी करते हुए यह जानकारी दी।
ब्रिटिश उच्चायोग ने मुलाकात के बारे में दिया बयान
ब्रिटिश उच्चायोग ने बयान में कहा गया है, विदेश मंत्री लिस ट्रस पिछले महीने यूक्रेन पर रूस के अवैध आक्रमण के बाद एक व्यापक राजनयिक प्रयास के तहत आज भारत में हैं। ब्रिटिश उच्चायोग ने कहा, भारत के विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर के साथ बैठक में ट्रस यूक्रेन पर रूस का आक्रमण रोकने, ताकत के दम पर शासन करने की आशंका कम करने और वैश्विक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए लोकतांत्रिक देशों के मिलकर काम करने के महत्व को रेखांकित करेंगी।
रूस के विदेश मंत्री भी आएंगे भारत
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों में कई विदेशी गणमान्य लोगों ने भारत की यात्राएं की है। अमेरिका के उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार दलीप सिंह बुधवार को भारत पहुंचे, जबकि रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव बृहस्पतिवार को भारत आएंगे। विदेश मंत्री के तौर पर ट्रस की यह दूसरी भारत यात्रा है। इससे पहले वह पिछले साल अक्टूबर में भारत आईं थी।

Desk Team