नई दिल्ली : विविध कारोबार कंपनी आईटीसी ने अपने पुरूष परिधान ब्रांड जॉन प्लेयर्स को रिलायंस रिटेल को बेच दिया है। कंपनी ने हालांकि सौदे की राशि का खुलासा नहीं किया। आईटीसी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। इसके अलावा कोलकाता की कंपनी ने सौदे के तहत ट्रेडमार्क का भी हस्तांतरण कर दिया है। आईटीसी के एक प्रवक्ता ने कहा कि मौजूदा पुनर्गठन प्रक्रिया के तहत आईटीसी ने अपना ब्रांड जॉन प्लेयर्स तथा संबंधित ट्रेडमार्क एवं बौद्धिक संपदा रिलायंस रिटेल लि. को बेच दी है।
उसने कहा कि लाइफस्टाइल खुदरा कारोबार की रणनीतिक समीक्षा के तौर पर पुनर्गठन योजना जारी है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सौदा करीब 150 करोड़ रुपये का होने का अनुमान है। इस सौदे से रिलायंस रिटेल की मौजूदगी मजबूत होगी। युवाओं के फैशन के अनुसार परिधान के लिये आईटीसी ने जान प्लेयर्स ब्रांड का गठन 2002 में किया था।


Download Android App
Download iOS App



