जियो के ग्राहकों की संख्या 84 लाख से अधिक बढ़ी : ट्राई

Summary :

भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, रिलायंस जियो अकेली ऐसी दूरसंचार कंपनी है जिसके ग्राहकों की संख्या में अगस्त में बढ़ी है।

नई दिल्ली : भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, रिलायंस जियो अकेली ऐसी दूरसंचार कंपनी है जिसके ग्राहकों की संख्या में अगस्त में बढ़ी है। अन्य दूरसंचार कंपनियों भारती एयरटेल और वोडाफोन आइडिया के ग्राहक इस दौरान कम हुए हैं।आंकड़ों के मुताबिक जियो ने इस दौरान सर्वाधिक 84.45 लाख मोबाइल उपभोक्ता जोड़े। 
ट्राई ने अगस्त 2019 के लिये जारी दूरसंचार ग्राहक रिपोर्ट में कहा, ‘‘देश में टेलीफोन कनेक्शन लेने वालों की संख्या जुलाई 2019 के अंत में 118.93 करोड़ थी, जो अगस्त 2019 के अंत तक बढ़कर 119.18 करोड़ पर पहुंच गयी।’’ कुल टेलीफोन उपयोगकर्ताओं में मोबाइल ग्राहकों की संख्या 117.1 करोड़ के साथ 98 प्रतिशत से अधिक रही।रिपोर्ट में कहा गया, ‘‘कुल वायरलेस ग्राहक (जीएसएम, सीडीएमए और एलटीई) की संख्या आलोच्य माह में बढ़कर 117.1 करोड़ पर पहुंच गयी। एक महीने पहले यह संख्या 116.83 करोड़ थी।’’ 
इस दौरान वोडाफोन आइडिया को 49.56 लाख उपभोक्ताओं ने, भारती एयरटेल को 5.61 लाख ने, बीएसएनएल को 2.36 लाख, एमटीएनएल को 6,701 उपभोक्ताओं ने और रिलायंस कम्यूनिकेशंस को 63 उपभोक्ताओं ने छोड़ा। जियो के अलावा बीएसएनएल ही ऐसी कंपनी रही जो अक्टूबर 2018 के बाद से नये उपभोक्ताओं को जोड़ने में सफल हो रही थी, लेकिन अगस्त में इसके भी उपभोक्ताओं में कमी आयी।अगस्त में 48.6 लाख उपभोक्ताओं ने मोबाइल नंबर पोर्ट किये।लैंडलाइन ग्राहकों की संख्या अगस्त में 1.5 लाख कम होकर 2.08 करोड़ पर आ गयी।

Desk Team