नई दिल्ली : देश में वर्ष 2020 तक पांचवी पीढ़ी की दूरसंचार सेवा 5जी शुरू करने की संभावनाओं की तलाश के बीच 5जी के जरिये चालक रहित वाहन का लाइव प्रदर्शन, ड्रोन से डिलिवरी और स्मार्ट फोन के प्रदर्शन के साथ गुरुवार को यहां दूसरी इंडिया मोबाइल कांग्रेस शुरू हुई। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री सुरेश प्रभु, संचार मंत्री मनोज सिन्हा, आवासीय एवं शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी, दूरसंचार सचिव अरुणा सुंदरराजन, रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मुकेश अंबानी, भारती एयरटेल के अध्यक्ष सुनील भारती मित्तल, वोडाफोन आइडिया लिमिटेड के अध्यक्ष कुमार मंगलम बिरला और कई देशों के संचार मंत्रियों की मौजूदगी में दूसरी मोबाइल कांग्रेस का आगाज हुआ।
इसमें सैमसंग, हुवावेई, एरिक्शन जैसी कंपनियों ने जहां 5जी प्रौद्योगिकी का प्रदर्शन किया, वहीं दूसंचार कंपनियों ने 5जी प्रौद्योगिकी के उपयोग को दिखाया। इसके शुभारंभ के अवसर पर रिलायंस जियो ने 5जी प्रौद्योगिकी पर आधारित चालक रहित यात्री कार और बस का नवी मुंबई में जियो सिटी से लाइव प्रदर्शन किया। इसके साथ ही स्मार्टसिटी में ड्रोन से सुरक्षा एवं आपात सेवाओं और स्मार्टहोम का भी जियो ने प्रदर्शन किया। इस दौरान भारती एयरटेल ने 5जी प्रौद्योगिकी पर आधारित ड्रोन से डिलिवरी का लाइव प्रदर्शन किया।


Download Android App
Download iOS App



