बाजार में स्थिरता लाने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे- RBI

Summary :

बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स और नेशनल स्टाक एकसचेंज का निफ्टी शुक्रवार को शुरूआती कारोबार में 10 प्रतिशत से अधिक लुढ़क गये

रिजर्व बैंक ने शुक्रवार को कहा कि वह मौजूदा वैश्विक स्थिति पर नजर रखे हुए है और आश्वस्त किया कि वह बाजार में पर्याप्त तरलता तथा स्थिरता बनाये रखने के लिये सभी जरूरी कदम उठाएगा।
 
रिजर्व बैंक का यह बयान उस दिन आया जब घरेलू शेयर बाजारों में कारोबार शुरू होते ही भारी गिरावट के बीच सर्किट ब्रेकर लगाना पड़ा। यह वर्ष 2008 के बाद पहला मौका है जब शेयर बाजारों में सर्किट ब्रेकर लगा। 
केंद्रीय बैंक ने एक बयान में कहा कि आरबीआई तेजी से उभर रही वैश्विक स्थिति पर नजर रखे हुए है और बांड तथा विदेशी मुद्रा बाजार में पर्याप्त नकदी तथा स्थिरता एवं सामान्य कामकाज सुनिश्चित करने के लिये सभी जरूरी कदम उठाएगा। 
बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स और नेशनल स्टाक एकसचेंज का निफ्टी शुक्रवार को शुरूआती कारोबार में 10 प्रतिशत से अधिक लुढ़क गये। इस दौरान ये अपने निचले सर्किट के स्तर तक पहुंच गये। कोरोना वायरस फैलने के कारण मंदी की आशंका में बाजार में चौतरफा बिकवाली देखी गयी। 
शेयर बाजारों के खुलने के 15 मिनट के भीतर बाजार में भारी गिरावट को देखते हुए कारोबार को 45 मिनट के लिये रोकना पड़ा। मुद्रा बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपये में सुधार हुआ और कारोबार के दौरान यह 46 पैसे की बढ़त के साथ 73.82 पर पहुंच गया। 
शुरूआती कारोबार में अमेरिका डॉलर के मुकाबले रुपया 74.5075 के रिकार्ड निम्न स्तर तक चला गया था। आरबीआई ने शुक्रवार को डॉलर बिकवाली-खरीद अदला-बदली के प्रभाव से निपटने के लिये 25,000 करोड़ रुपये की पूंजी डालने की भी घोषणा की है।

Desk Team