दूसरे कार्यकाल के लिए इच्छुक नहीं है NSE प्रमुख विक्रम लिमये, जुलाई में खत्म होगा सफर

Summary :

एनएसई प्रमुख विक्रम लिमये ने कहा कि वह शेयर बाजार (Share Market) में प्रमुख के पद पर एक और कार्यकाल के लिए प्रयास नहीं करेंगे।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी विक्रम लिमये (Vikram Limaye) अपने दूसरे कार्यकाल के लिए इच्छुक नहीं है। उन्होंने कहा कि वह शेयर बाजार (Share Market) में प्रमुख के पद पर एक और कार्यकाल के लिए प्रयास नहीं करेंगे। लिमये को जुलाई 2017 में एनएसई का प्रमुख बनाया गया था।
लिमये ने बुधवार को एक वक्तव्य में कहा, ‘‘मैंने निदेशक मंडल को सूचित कर दिया है कि मैं दूसरा कार्यकाल पाने का इच्छुक नहीं हूं, अत: मैं जारी प्रक्रिया में आवेदन नहीं करूंगा, इसमें हिस्सा नहीं लूंगा। मेरा कार्यकाल 16 जुलाई 2022 को समाप्त हो जाएगा।’’

Share Market : बढ़त के साथ खुला शेयर बाजार, 444.51 अंक चढ़ा BSE सेंसेक्स

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने बहुत कठिन दौर में संगठन का नेतृत्व किया और एनएसई को स्थिर तथा मजबूत करने और उसमें परिवर्तन लाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया है। हमने नियंत्रण, शासन, प्रौद्योगिकी, नियामक प्रभावशीलता और व्यापार वृद्धि के मामले में लंबा सफर तय किया है।’’
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) ने नए प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी के पद के लिए हाल में उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। हालांकि लिमये को एक और कार्यकाल मिल सकता है लेकिन सेबी के नियमों के मुताबिक अगला कार्यकाल पाने के लिए उन्हें अन्य उम्मीदवारों से स्पर्धा करनी होगी। 

Desk Team