पेटीएम ब्रांड का परिचालन करने वाली डिजिटल वित्तीय सेवा कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस ने मंगलवार को शेयर पुनर्खरीद योजना की घोषणा की। इसके तहत कंपनी 810 रुपये प्रति शेयर के भाव पर 850 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की पुनर्खरीद करेगी।
वन97 कम्युनिकेशंस ने शेयर बाजार को दी गई सूचना में कहा कि कंपनी ने शेयर बाजारों के जरिये पुनर्खरीद कार्यक्रम के लिये खुले बाजार मार्ग का विकल्प चुना है। यह प्रक्रिया अधिकतम छह महीने में पूरा होने की संभावना है।
कंपनी के निदेशक मंडल की मंगलवार को हुई बैठक में यह निर्णय किया गया। बैठक में सभी निदेशक मौजूद थे और स्वतंत्र निदेशक समेत सभी ने आम सहमति से प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया।
सूचना के मुताबिक, ‘‘कंपनी 810 रुपये प्रति शेयर के भाव पर 850 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की पुनर्खरीद करेगी।’’
अधिकतम पुनर्खरीद मूल्य 810 रुपये प्रति शेयर है जो बीएसई में मंगलवार को बंद भाव 539.5 रुपये प्रति इक्विटी से 50 प्रतिशत अधिक है। कुल 850 करोड़ रुपये की पुनर्खरीद और उस पर कर जोड़ने के बाद कंपनी ने इस योजना पर करीब 1,048 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान लगाया है।


Download Android App
Download iOS App



