पेट्रोल और डीजल ने नए साल में उपभोक्ताओं को महंगाई का झटका देना शुरू कर दिया है। तेल विपणन कंपनियों ने गुरुवार को फिर पेट्रोल और डीजल के दाम में बढ़ोतरी की। पहली जनवरी को पेट्रोल और डीजल के दाम में हालांकि स्थिरता रही, लेकिन रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि हो गई जिससे आम उपभोक्ताओं को नए साल में महंगाई का पहला झटका लगा।
पेट्रोल के दाम में गुरुवार को दिल्ली में 14 पैसे, जबकि कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में आठ पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई। वहीं, डीजल फिर दिल्ली में 14 पैसे, कोलकाता में 11 पैसे जबकि मुंबई और चेन्नई में 12 पैसे प्रति लीटर महंगा हो गया है। इसी प्रकार देश के अन्य शहरों में भी पेट्रोल और डीजल के दाम में बढ़ोतरी हुई है।
इंडियन ऑयल की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली, कोलकता, मुंबई और चेन्नई में पेट्रोल का दाम बढ़कर क्रमश: 75.25 रुपये, 77.87 रुपये, 80.87 रुपये और 78.20 रुपये प्रति लीटर हो गया है। वहीं, चारों महानगरों में डीजल की कीमत बढ़कर क्रमश: 68.10 रुपये, 70.49 रुपये, 71.43 रुपये और 71.98 रुपये प्रति लीटर हो गई है।


Download Android App
Download iOS App



